सिरसा के बस स्टैंड के नजदीक रविवार को यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों का ट्रैफिक पुलिस ने चालान किया। बस स्टैंड के पास मोटर व्हीकल एक्ट का पालन न करने वाले पांच दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए। वाहनों में फेरबदल करने वालों तथा अपने कागजात न रखने वालों का चालान भी किया गया।
बस स्टैंड पर जब ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ खड़े थे उसी समय रोड से बुलेट बाइक शोर करती हुई आ रही थी। ट्रैफिक पुलिस ने बाइक सवार को रोका और कागजात दिखाने के लिए कहा। जिस पर उक्त बाइक सवार ने अपने कागजात जांच करवाई लेकिन जब एसएचओ ने देखा कि उसने बुलेट में प्रतिबंधित साइलेंसर लगाया हुआ है तो बुलेट सवार का साइलेंसर बदलने तथा हेलमेट न होने पर 11000 रुपये का चालान कर दिया।
जब बुलेट सवार का चालान किया गया तो वह बोला कि बस अड्डे पर अपने फूफा को लेने आया था। जिस पर एसएचओ ने कहा कि अब तो तेरे फूफा 11 हजार में पड़ गए। उसी समय एक और बुलेट सवार आया उसने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था और साइलेंसर भी बदलवा रखा था। जिस पर ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोका और उसका भी 11 हजार का चालान कर दिया।
निजी फूड सप्लाई कंपनी के कर्मचारी का भी कटा चालान
कुछ ही समय बाद एक निजी फूड सप्लाई कंपनी का कर्मचारी बिना हेलमेट के आ रहा था। जिस पर एसएचओ ने रोक कर उसे बताया कि उसकी कंपनी ने भी उन्हें हिदायत दे रखी है तथा ट्रैफिक पुलिस ने भी अभियान के द्वारा सभी चालकों को जागरूक किया है। उसके बावजूद भी वह गलतियां कर रहे हैं। जिस पर चालक का बिना हेलमेट तथा बिना लाइसेंस का छह हजार का चालान काट दिया। साथ ही सभी को हिदायत दी गई कि वह नियमों के बारे में अवगत रहें तथा औरों को भी इसकी जानकारी दें।
ट्रैफिक एसएचओ बहादुर सिंह ने बताया कि यातायात नियमों से अवगत करवाने के लिए जिला ट्रैफिक पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया था। जिसमें सभी को नए नियमों तथा जुर्माने से अवगत करवाया गया था। उसके बावजूद भी लोग मान नहीं रहे हैं। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जा रहे हैं।