पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के चलते शहर में बुधवार और वीरवार को वीवीआईपी मूवमेंट अधिक रहेगी। चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बुधवार को कई सड़कें बंद रहेंगी और कई पर रूट डायवर्ट किया जाएगा।
वीवीआईपी आवागमन के दौरान दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट पॉइंट से ट्रिब्यून चौक, पूर्व मार्ग पर ट्रिब्यून चौक से ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट और मध्य मार्ग पर ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट से ढिल्लों बैरियर तक यातायात को डायवर्ट/प्रतिबंधित किया जाएगा। सुबह करीब 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक इन सड़कों को सामान्य ट्रैफिक आवागमन के लिए बंद रखा जाएगा।
इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक कुछ अन्य सड़कों पर यातायात की आवाजाही प्रतिबंधित/डायवर्ट की जा सकती है। वाहन चालक किसी भी भीड़/असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। वाहन चालक अपने वाहनों को साइकिल ट्रैक/पैदल यात्री मार्ग और नो पार्किंग एरिया पर पार्क न करें अन्यथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और वाहनों को टो करके ले जाया जाएगा।
पंचकूला में आम लोगों के लिए कई रूट रहेंगे बंद
शपथ ग्रहण समारोह के लिए पंचकूला पुलिस ने यातायात प्रबंधन के मद्देनजर पार्किंग और सड़क मार्गों की एडवाइजरी जारी की है। आम नागरिकों को सलाह है कि शालीमार ग्राउंड की तरफ जाने वाले मार्गों की तरफ वाहन लेकर न जाएं। समारोह में शामिल होने वाले विधायकों, सांसदों, वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस अधिकारियों, उद्योगपतियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। निमंत्रण के साथ क्यूआर कोड भी जारी किया जा रहा है, ताकि गूगल मैप से जाकर वाहन पार्क करने वाली जगह तक पहुंचने में परेशानी न हो। इसके अलावा आम नागरिकों के लिए कुछ रूट भी बंद किए गए हैं।
अधिकारियों के वाहनों के लिए पार्किंग
वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बेला विस्टा चौक (शहीद मेजर संदीप सांखला चौक), पुलिस मुख्यालय कट, सेक्टर-6 ट्रैफिक लाइट पार करके बाएं तरफ टर्न होकर वाटर ट्यूबवेल के साथ सहित होटल के सामने बनी पार्किंग क्षेत्रों में की गई है। सभी सांसद, विधायकों और अति गणमान्य अतिथियों के वाहन बेला विस्टा चौक (शहीद मेजर संदीप सांखला चौक) पुलिस मुख्यालय कट सेक्टर-6 ट्रैफिक लाइट पार करके बाएं तरफ टर्न लेकर सामने पंजाब नेशनल बैंक पार्किंग एरिया में व्यवस्था होगी।
यहां भी पार्क कर सकेंगे वाहन
इसके अलावा उद्योगपति बेला विस्टा चौक बाएं तरफ टर्न करके हैफेड चौक से आगे ट्रैफिक लाइट सेक्टर 4/5 परेड ग्रांउड से दाईं तरफ टर्न करके सीधा दाईं तरफ से होकर सामने द कोव होटल के सामने पार्किंग एरिया में अपने वाहनों को पार्क कर सकेंगे। सिविल प्रशासन और पुलिस कर्मचारी जो अपनी ड्यूटी पर तैनात है, वह सभी बेला विस्टा चौक से बाएं तरफ टर्न हैफेड चौक से आगे ट्रैफिक लाइट सेक्टर 4/5 परेड ग्रांउड से दाई तरफ टर्न होकर बाई तरफ इंद्रधनुष सेक्टर-5 पंचकूला की पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।
आम पब्लिक के लिए ये रूट रहेंगे बंद
- सेक्टर-5 का शालीमार ग्राउंड के दोनों तरफ का रूट बंद रहेगा।
- बेलाबिस्टा/संदीप मेजर संदीप सांखला चौक (उसके बाई तरफ) हैफेड चौक, सेक्टर-4 और 5 का ट्रैफिक लाइट पॉइंट
- तवा चौक/शहीद, ऊधम सिंह चौक, सेक्टर-9 और 10 ट्रैफिक लाइट पॉइंट, सेक्टर-8 और 9 ट्रैफिक लाइट पॉइंट, शक्ति भवन और गीता चौक दोनों तरफ से बंद रहेंगे।