चंडीगढ़। सेक्टर-45 में सड़क निर्माण में हो रही देरी से नाराज व्यापारियों ने पुलिस चौकी के पास जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों का आरोप है कि 18 दिन पहले सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन उसके बाद से काम पूरी तरह ठप पड़ा है जिससे बाजार के सभी दुकानदार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
न्यू एकता मार्केट के प्रधान भारत भूषण कपिला ने बताया कि खराब सड़क और उड़ती मिट्टी से दुकानों में धूल भर रही है और सामान खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
व्यापारी सुशील जैन ने कहा कि धूल के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर 23 नवंबर तक सड़क नहीं बनी, तो 24 नवंबर को चक्का जाम किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी होगा।
व्यापारी बलजिंदर गुजराल ने कहा कि टूटी सड़क पर मोटरसाइकिल और स्कूटर सवार आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान चंडीगढ़ व्यापार मंडल के प्रधान संजीव चढ्ढा ने मौके पर ही एक्सईएन से बात कर शीघ्र काम शुरू करने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
कौन-कौन रहा प्रदर्शन में शामिल
प्रदर्शन में चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन चरणजीव सिंह, महासचिव बलविंदर सिंह, न्यू एकता मार्केट के प्रधान भारत भूषण कपिला, चेयरमैन भूपेंद्र शर्मा, व्यापारी एकता मंच के प्रधान सुशील जैन, परिसर प्रधान बलजिंदर गुजराल, समाजसेवी शादाब राठी सहित बाजार के कई व्यापारी शामिल रहे।