कर्मचारी अब जन सेवा के विभागों में लागू की जा रही निजीकरण की नीतियों व रोजगार के सवाल को लेकर जन अभियान चलाएंगे। गांवों, शहरों व कस्बों में जन सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जल्दी ही सर्व कर्मचारी संघ राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाएगा। जिसमें संसद घेराव व जन अभियान को सफल बनाने की कार्य नीति तैयार की जाएगी।
फोगाट व लांबा ने दो दिवसीय हड़ताल में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए सभी जन संगठनों का आभार जताया है। मंगलवार को गिरफ्तार रोडवेज के सभी नेताओं को देर रात निजी मुचलके पर रिहा किया गया। हड़ताली कर्मचारियों व मजदूरों ने अपने-अपने कार्यालय के सामने व जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए।
फरीदाबाद में 8 नेताओं के खिलाफ एस्मा में मुकदमा दर्ज
हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के सदस्य सरबत पूनिया ने बताया कि फरीदाबाद डिपो के जीएम ने कर्मचारी नेता व यूनियन उप महासचिव राम आसरे, सचिव सहजाद खान, डिपो प्रधान जितेंद्र धनखड़, सचिव रविंद्र नागर, वीरेंद्र सिंह व जय सिंह गिल के खिलाफ सिटी थाना बल्लभगढ़ में एस्मा के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ा है। परिवहन विभाग भरसक प्रयास के बावजूद चक्का जाम को असफल नहीं कर पाया।