सूबे में कब और कहां हुई मौत
- सबसे पहले 18 मार्च को नवांशहर जिले के गांव पठलावा के बुजुर्ग की मौत हुई, जो जर्मनी से आया था।
- नवांशहर के बुजुर्ग के संपर्क में आने से 29 मार्च को होशियारपुर के एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह अमृतसर में भर्ती था।
- 30 मार्च को लुधियाना की 42 साल की महिला की पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में मौत हो गई थी।
- 31 मार्च को चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती मोहाली के 65 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया था।
- 3 अप्रैल को अमृतसर के श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल में भर्ती श्री हरमंदिर साहिब के पूर्व रागी भाई निर्मल सिंह का निधन हो गया।
- 05 अप्रैल को लुधियाना में कोरोना पीड़ित महिला ने जान गंवाई।
समीपवर्ती गांव कोट करार खां में पहला पॉजिटिव केस सामने आया है। पॉजिटिव पाया गया मरीज नाबालिग है और 18 मार्च को दिल्ली के तब्लीगी मरकज से सपरिवार गांव लौटा था। जिसे रविवार को रात को पुलिस की मदद से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे क्वारंटीन से निकालकर आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर दिया है। जहां पर अभी तक उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने गांव को पूरी तरह से सील कर आसपास के सात-आठ किलोमीटर को सील कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग कपूरथला की तरफ से दिल्ली के निजामुद्दीन में हुए तब्लीगी जमात के मरकज में भाग लेकर वापस आए लोगों में से कुल 33 व्यक्तियों के सैंपल कोरोना वायरस जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन डा. जसमीत बावा ने बताया कि कपूरथला के पास गांव कोट करार खां निवासी 17 वर्षीय नाबालिग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और मरीज पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी नजर है और उसे इलाज मुहैया करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में ही रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि डर और दहशत का माहौल न क्रिएट किया जाए, बल्कि सेहत विभाग का सहयोग किया जाए। जिससे समय पर पीड़ितों की पहचान की जा सके। एसएमओ डॉ. तारा सिंह के अनुसार मरीज की हालत इस समय स्थिर है। डीएसपी सब-डिवीजन हरिंदर सिंह गिल ने कहा कि गांव कोट करार खां को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इस गांव के सात-आठ किलोमीटर के दायरे में स्थित गांवों के सरपंचों की मदद से ठीकरी पहरे लगवाने शुरू कर दिए हैं। गांव कोट करार खां में पुलिस फोर्स तैनात की जा रही है।