चंडीगढ़ शहर में शुक्रवार शाम चली आंधी से कई जगह पेड़ गिर गए। सेक्टर-38 में मकान नंबर-77 के पास और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में प्लॉट नंबर-52 के पास पेड़ गिर गए।
नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विंग के एक्सईएन कृष्णपाल सिंह ने बताया कि पेड़ गिरने से कोई नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं आंधी के कारण कई जगह पर बिजली की तारों में स्पार्क होने की भी सूचना है।
सेक्टर-23 में 2001 से 2005 तक के मकानों के पास आंधी के कारण केबल और बिजली की तारें टूट गईं। इस कारण काफी देर तक वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही। वहीं मुल्लांपुर और सेक्टर-26 में सरकारी स्कूल के पास झाड़ियों में आग लग गई।
राहत के साथ परेशानी भी झेलनी पड़ी
पंचकूला में शुक्रवार शाम आंधी और आधे घंटे की झमाझम बरसात के बाद एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी तरफ कई सेक्टरों में देर रात तक बिजली गुल होने से परेशानी भी झेलनी पड़ी। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के अलावा कई सेक्टरों में स्ट्रीट लाइट भी गुल रही।
आंधी के कारण पावर कालोनी में पोल गिर गया, जबकि अमरटैक्स की डिवाइडिंग सड़क, सेक्टर-12 सहित कई और जगहों पर जड़ से ही पेड़ उखड़ गए। वहीं, सेक्टर-12 में एक नई कार पर पेड़ गिर गया और पावर कालोनी में खंभा गिर गया, जिससे आसपास के इलाकों में करीब दो घंटे तक बिजली की आपूर्ति बंद रही।
सेक्टर-11, 12, 14, 15, 19 में भी घंटों बिजली गुल रही। शाम से ही कट लगने के कारण कई जगह पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। सेक्टर-12 के एक मकान के बाहर इको स्पोर्ट्स कार पर पेड़ गिर गया, जिससे कार का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
कार मालिक ने खुद ही क्रेन मंगवाकर पेड़ को हटवाया। इसी सेक्टर में बिजली के खंभे भी गिर गए, जबकि पावर कालोनी में गड़बड़ी के कारण सेक्टर-15 में भी करीब ढाई घंटे तक बिजली की आपूर्ति बाधित रही। वहीं, सेक्टर-19 में खबर लिखे जाने तक बिजली और पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी। कमोबेश ज्यादातर सेक्टरों में ऐसे ही हालात रहे।
मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी
शुक्रवार शाम तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जीरकपुर के इलाके में तबाही मचा दी। बिशनपुरा में स्थित नगर परिषद की नई इमारत की बाहरी दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
तेज हवाओं के कारण जीरकपुर में एक दर्जन के करीब बिजली के पोल गिर गए। इस कारण जीरकपुर इलाके में बिजली सप्लाई ठप हो गई। देर रात तक बिजली सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही थी। बारिश के पानी की निकासी न होने के कारण डेराबस्सी व जीरकपुर में जगह-जगह जलभराव हो गया। हालांकि बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।