बठिंडा की जिला अदालत ने कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष समेत 12 लोगों को समन जारी किया। वहीं फतेहगढ़ साहिब और जालंधर में हुए अलग-अलग हादसों में दादा-पोती समेत तीन लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।
बात अगर चंडीगढ़ की करें तो आज यानि एक सितंबर से शहर से दिल्ली का सफर महंगा हो गया है। वहीं पंजाब के लुधियाना में 14 साल पहले जिस युवक को 'मरा' बताया गया था वो अब जिंदा मिला है। यह खबर भी सभी के जुबान पर रही। तो आइए नजर डालते हैं पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ की पांच बड़ी खबरों पर....
1- 14 साल पहले 'मारा गया', आदमी कैसे हो गया जिंदा, पूरी कहानी जान हो जाएंगे हैरान
14 साल पहले जिस युवक की हत्या का आरोप पुलिस के डीएसपी व दो एएसआई पर लगा था, वह जिंदा निकला। जगरांव पुलिस के सीआईए स्टाफ ने आरोपी युवक और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद युवक ने खुलासा किया कि वह पिता की शह पर 14 साल से छुपता आ रहा है।
2- गुरुद्वारे से माथा टेककर लौट रहे दादा और पोती को आवारा पशु ने मारा टक्कर, दोनों की मौत
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। इसमें दादा-पोती की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों रविवार सुबह गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से माथा टेककर आ रहे थे।
3- चंडीगढ़ से दिल्ली का सफर हुआ महंगा, अब चुकानी पड़ेगी इतनी रकम, आज से लागू
चंडीगढ़ से दिल्ली का सफर एक सितंबर यानि आज से महंगा हो गया है। हाइवे पर टोल टैक्स में बढ़ोतरी की वजह से कार व छोटे वाहनों में पांच रुपये और बड़े वाहनों में 10 रुपये टोल टैक्स में इजाफा होगा।
4- बठिंडा जिला अदालत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष समेत 12 लोगों को समन भेजा
बठिंडा जिला अदालत ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पंजाब अध्यक्ष और सिविल लाइंस क्लब के अध्यक्ष राजन गर्ग समेत 12 लोगों को समन जारी कर छह सितंबर को तलब किया है। समन सिविल लाइन एरिया में स्थित गुरु नानक लाइब्रेरी हॉल को शिफ्ट कर वहां कांग्रेस के मालवा जोन का कार्यालय बनाने के मामले में जारी किए गए हैं।
5- बस में लड़कियों से छेड़छाड़ करना पड़ा भारी, महिला ड्राइवर ने पीछा कर पकड़ा और सबक सिखाया
राजकीय महिला महाविद्यालय की बस से घर जाने वाली छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले युवक की महिला ड्राइवर पंकज ने पकड़ कर पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में युवक की पिटाई करते हुए महिला ड्राइवर पंकज कह रही है कि शनिवार सुबह जब बस युवक की ढाणी के आगे से निकली उस पर उक्त युवक ने बस को देख लिया और अपनी बाइक लेकर बस का पीछा कर आगे आ गया। युवक ने बस के आगे बाइक को लगाकर हाथ छोड़ने लगा तथा अपनी हरकतें दिखाने लगा।