टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की तबीयत खराब है। नीरज को तेज बुखार है और उनका गला खराब है। हालांकि राहत की बात ये है कि उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। सूत्रों के अनुसार, तबीयत खराब होने के कारण ही नीरज शुक्रवार को हरियाणा सरकार की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह में हिस्सा नहीं ले पाए थे। वे इस समारोह से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़े थे।
नीरज चोपड़ा के सम्मान समारोहों का सिलसिला थम रहा है। बावजूद इसके उनका दिमाग अगले वर्ष होने वाले राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों की तैयारियों को लेकर ताना-बाना बुन रहा है। नीरज पहले घर जाकर अपनों के बीच आराम के पल गुजारना चाहते हैं। उसके बाद तैयारियों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। वह एक माह के आराम के बाद एनआईएस पटियाला में फिर से तैयारियां शुरू कर देंगे।