पंजाब में एक बार फिर कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की दर में इजाफा होना शुरू हो गया है। मंगलवार को राज्य के पांच जिलों में संक्रमण से 20 लोगों की मौत हो गई। 1036 नए मामले भी सामने आए हैं। अब तक पंजाब में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 5961 तक पहुंच गई है। सक्रिय केस भी बढ़कर 8522 हो गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 5236903 पहुंच गई है। इनमें पॉजिटिव मरीजों की संख्या 190647 दर्ज की गई है। 176164 लोग ठीक हो चुके हैं। सांस लेने में परेशानी होने पर 157 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। 25 लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
संक्रमण से मौतों के मामले में लुधियाना पहले स्थान पर है। यहां अब तक सबसे ज्यादा 1041 लोगों की मौत हुई है। जालंधर में 740 और पटियाला में 524 लोग संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं। मंगलवार को अमृतसर में 5, होशियारपुर में 5, जालंधर में 6, लुधियाना में 3 और मोहाली में 1 मरीज की मौत हो गई।