दूसरी ओर, पंजाब में कोरोना टीकाकरण अभियान भी चल रहा है। राज्य में 108205 स्वास्थ्यकर्मियों को पहला टीका लगाया जा चुका है। वहीं दूसरा टीका लगवा चुके स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या 53785 हो गई है। इनके साथ ही, 97270 फ्रंटलाइन योद्धाओं को भी पहला टीका लगाया गया है जबकि 12323 फ्रंटलाइन योद्धाओं को दूसरा टीका भी लगया जा चुके है।
सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद
पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी ने कोविड के मामलों के फिर बढ़ने के मद्देनजर राज्य में सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। चौधरी ने कहा कि यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों और अन्य लाभार्थियों को राशन व अन्य सामग्री आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायक घर-घर पहुंचाई जाएंगी, ताकि लाभार्थियों को पौष्टिक आहार मिलता रहे।
इन जिलों में लग चुका नाइट कर्फ्यू
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई जिला प्रशासन ने एहतियात भी बरतना शुरू कर दिया है। अब तक पंजाब के आठ जिलों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। पटियाला, लुधियाना, जालंधर, नवांशहर, होशियारपुर और कपूरथला जिले में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगाया जा चुका है।
सभी स्कूल भी बंद
पंजाब में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देजनर प्री नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने का फैसला किया गया है। शिक्षामंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों और आने वाली वार्षिक परीक्षा के मद्देजनर स्कूल बंद करने का फैसला किया गया है। विद्यार्थियों की परीक्षाएं चलती रहेंगी। स्कूलों में अध्यापक पहले की तरह आते रहेंगे।
निदेशक राज्य शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, पंजाब के जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षाएं ऑफलाइन ली जाएंगी। इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि स्कूलों में ज्यादा भीड़ न हो। अध्यापक या विद्यार्थी संक्रमित पाए जाते हैं तो संबंधित स्कूल को स्वास्थ्य विभाग की कोविड-19 संबंधी हिदायतों का पालन करना होगा।