कोरोना से मंगलवार को एक महिला की मौत हो गई, जबकि 148 नए संक्रमित मिले हैं। सेक्टर-41 व 49 में सर्वाधिक मामले आए हैं। दूसरी ओर, 113 लोगों को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। कोरोना से सेक्टर-38 निवासी 34 वर्षीय महिला की मौत हुई है। वह पहले से ही कुछ बीमारियों से ग्रसित थी। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 24 घंटे में 1912 लोगों के नमूने लिए, जिसमें 148 लोग संक्रमित मिले हैं।
संक्रमित लोगों में सेक्टर 4 में 2, सेक्टर 9 में 3, सेक्टर 21 में 9, सेक्टर 33 में 6, सेक्टर 40 में 4, सेक्टर 45 में 5 और सेक्टर 46 में छह मरीज मिले हैं। इनके अलावा बहलाना, बुड़ैल, दड़वा, धनास, खुड्डा लाहौरा, मलोया में भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। मालूम हो कि अब तक कोरोना से 359 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 23391 लोग संक्रमित मिल चुके हैं।
पीयू की मार्केट में शाम होते ही बिना मास्क घूमते हैं लोग
पीयू की सेक्टर-14 स्थित मार्केट में शाम होते ही बाहरी लोग पहुंच रहे हैं, जो मास्क नहीं लगा रहे हैं। वह समूहों में एकत्रित होते हैं। पीयू के कुछ प्रोफेसर मंगलवार की शाम मार्केट में पहुंचे तो उन्होंने कुछ लोगों को टोकने की कोशिश की लेकिन युवाओं ने उनकी बात नहीं मानी और हंसकर टाल दिया।
उन्होंने नगर निगम व पीयू प्रशासन से अपील की है कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि बिना मास्क पहने घू्मने वालों में कुछ युवा वह भी शामिल थे, जो हाल ही में पीयू खोलने को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना है कि मास्क हर व्यक्ति को लगाना है। इस प्रकरण को पीयू गंभीरता से लें अन्यथा केसों की संख्या में वृद्धि होगी।
दो बार टीका लगवाने के बाद भी हो गया कोरोना
सेक्टर-23 निवासी निजी लैब प्रभारी को कोरोना टीका लगवाने के बाद भी कोरोना हो गया। उन्होंने पहला टीका 30 जनवरी को और दूसरा टीका तीन मार्च को लगवाया था। 16 मार्च को उन्हें सिर में दर्द हुआ और गले में खरास की शिकायत पर उन्होंने कोरोना की जांच करवाई जो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह घर पर ही क्वारंटीन हैं।