चंडीगढ़ सेक्टर-9 सी स्थित एसको बार के बाहर रविवार देर रात टिकटॉक स्टार सौरव गुर्जर को गोली मारने के मामले में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि डांस फ्लोर पर पैसे लुटाने का विरोध करने पर आरोपी मौविश ने सौरव को थप्पड़ जड़ दिया।
इसके बाद दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इसके कुछ समय बाद क्लब के बाहर एक के बाद एक तीन गोलियां चलीं, जिनमें से एक गोली सौरव की जांघ पर लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उधर, पीजीआई में भर्ती सौरव की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सोमवार को पुलिस टीम आरोपी मौविश को दबोचने के लिए लुधियाना स्थित उसके घर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि मौविश पिछले करीब दो महीने से घर में नहीं आया है। उसके खिलाफ लुधियाना में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज है। वारदात के 24 घंटे बीतने के बाद भी मौविश समेत अन्य आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
गौरतलब है कि बीती रविवार रात जीरकपुर स्थित प्रीत कॉलोनी निवासी टिकटॉक स्टार सौरव गुर्जर एसको बार में आए हुए थे। क्लब के अंदर डांस फ्लोर पर नाचने के दौरान पैसा लुटाने को लेकर उनकी मौविश नामक युवक से नोकझोंक हो गई। इस बीच मौविश ने उन्हें जोरदार थप्पड़ मार दिया। फिर दोनों में मारपीट हुई, जिसके बाद सौरव बाहर आकर किसी से फोन पर बात करने लगा।
इसी दौरान आरोपी मौविश और उसके साथियों ने सौरव पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां बरसा दीं। इनमें से एक गोली सौरव की जांघ में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद क्लबकर्मी उसे पीजीआई ले गए और दाखिल कराया। जहां पर उसका इलाज जारी है। पुलिस जांच में मौके से एक खोल बरामद हुआ था।
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपी मौविश समेत कुल चार युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।