पंचकूला। देर रात बुढ़नपुर में तीन युवकों पर 18 से 20 लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। घायलों की पहचान रवि, काशी, गौतम निवासी बुढ़नपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे तीनों युवक बुढ़नपुर िस्थत गुरुद्वारे के पास खड़े थे। इसी दौरान 18 से 20 लड़के आए और उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने काशी की जांघ में चाकू मारा जो उसकी जांघ के आरपार हो गया। वहीं, गौतम की बाजू में चाकू मारा। रवि के सिर में चोट पहुंची है। घायल युवकों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया लेकिन इससे पहले ही घायलों को ऑटो से सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल उपचार के लिए पहुंचा दिया गया। अभी तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम और सेक्टर 14 थाना पुलिस अस्पताल में पहुंचे और घायलों से पूछताछ की।