पंजाब में हाई अलर्ट है, इस बीच खुफिया जानकारी के बाद बड़ी सफलता मिली है, तीन संदिग्ध गिरफ्तार हुए हैं। नवांशहर जिला पुलिस ने खालिस्तान समर्थक तीन संदिग्धों को पोजेवाल थानाक्षेत्र के गांव चांदपुर रुढ़की से गिरफ्तार किया है। इसमें से दो युवक चांदपुर रुढ़की के हैं, जबकि एक होशियारपुर के थाना गढ़शंकर के गांव कुक्कड़ मजारा का बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव कुक्कड़ मजारा निवासी युवक के गरम ख्यालियों से संपर्क थे। उसके बाद चांदपुर रुढ़की के दोनों युवक उसके संपर्क में आ गए। आरोपियों के संपर्क में लुधियाना का एक नौजवान भी था, जो चांदपुर रुढ़की के पास खेती करता है।
इंटेलिजेंस से जुड़े इनपुट के बाद हुई इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में पुलिस की ओर से जगह जगह नाकेबंदी कर दी गई। ग्रामीणों के अनुसार सुबह उनके गांव में बड़ी संख्या मेें पुलिस बल पहुंची और युवकों को अपने साथ ले गई। एसएसपी सतिंदर सिंह ने बताया कि आपरेशन अभी जारी है और टीमें इस काम में लगी हुई हैं। रविवार सुबह मीडिया को जानकारी दी जाएगी।