पंजाब में जल्द ही तीन सोलर प्लांट की स्थापना की जाएगी। प्रति सोलर प्लांट 200 मेगावाट की क्षमता होगी। इनकी स्थापना श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र में की जाएगी। इस बात की जानकारी सांसद मनीष तिवारी ने दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र में तीन सोलर पार्कों की स्थापना करने जा रही है। इसके लिए मोहाली और रोपड़ के डिप्टी कमिश्नर को जमीन की तलाश करने को कहा गया है।
सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि उन्होंने सोलर पार्कों को स्थापित करने को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पास मुद्दा उठाया था। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दे दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें राज्य सरकार से संदेश मिल चुका है कि जमीन की पहचान की जा रही है, जिसके बाद पंजाब एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (पेडा) मामले को भारत सरकार के न्यू एवं रिन्यूएबल एनर्जी मंत्रालय के पास भेजेगी।
यह भी पढ़ें- उम्मीद: रोहतक पीजीआई में कोरोना वैक्सीन का ट्रायल शुरू, तीन लोगों को दी गई डोज, सभी का स्वास्थ्य ठीक
तिवारी ने कहा कि प्रति 200 मेगावाट के सोलर पार्क के लिए 1000 एकड़ जमीन चाहिए। मंत्रालय के निर्देशानुसार करीब 500 एकड़ जमीन पर 100 मेगावाट सोलर पार्क एक ही जगह पर लग सकता है। इसके लिए राज्य सरकार ने जिला प्रशासन मोहाली और रूपनगर को जमीन की जल्द से जल्द पहचान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाने पर क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा, जो 10000 करोड़ रुपये से अधिक के निजी निवेश को आकर्षित करने की क्षमता रखता है।