हरियाणा के अंबाला में तीन सेक्टरों की जमीन अधिग्रहण को लेकर गड़बड़झाले का मामला सामने आया है। इन सेक्टरों की जमीनों को बिना गजट नोटिफिकेशन के ही अधिग्रहीत कर लिया गया। इतना ही नहीं आज तक तीनों सेक्टरों का सजरा एवं सर्वे प्लान भी तैयार नहीं है। दूसरी ओर, इन सेक्टरों के अधिग्रहण के लिए सेक्शन 4 और सेक्शन 6 के नोटिस भी जारी किए गए। लेकिन उसके बाद न तो लोगों को कोई मुआवजा मिला और न ही हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने इन सेक्टरों को डेवलप किया है।
इस गड़बड़झाले की शिकायत हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को की गई है। जिस पर अंबाला के डीसी से भी जवाब मांगा गया है। उधर, इस संदर्भ में कई महीनों से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कार्यालय में आरटीआई भी लंबित पड़ी है। इस गड़बड़झाले के खुलासे के बाद विभागीय अफसर सरकार की जीरो टालरेंस नीति को धत्ता बताते हुए न केवल जवाब देने से बच रहे हैं, बल्कि मामले की लीपापोती भी शुरू हो गई है।
लीपापोती के लिए शब्द ‘पार्ट’ का इस्तेमाल
इस मामले में अफसरों द्वारा की जा रही लीपापोती भी सवालों के घेरे में आ गई है। कागजों में अंबाला के सेक्टर 10, 11 ओर 12 को (अब- 32, 33, 34) दिखाने का प्रयास किया जा रहा है। सेक्टर 10, 11 और 12 के सजरा और सर्वे प्लान को ही सेक्टर 32, 33 व 34 का सजरा और सर्वे प्लान दिखाने की तैयारी हो रही है। लीपापोती के लिए शब्द ‘पार्ट’ का इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन डिपार्टमेंट ऑफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग हरियाणा द्वारा अधिसूचित अंबाला का डेवलपमेंट प्लान- वर्ष 2025 इस लीपापोती पर सवाल खड़ा करता है।
इस डेवलपमेंट प्लान में सेक्टर 10 (सिटी), सेक्टर 11 (गांव रतनगढ़) और सेक्टर 12 (गांव नसीरपुर) अंबाला सिटी में स्थित है। इनमें से सेक्टर दस तो डेवलप भी किया जा चुका है। जबकि सेक्टर 32 ( गांव नन्हेड़ा), 33 (अंबाला-दिल्ली हाइवे पर) और 34 (गांव घसीटपुर) अंबाला कैंट एरिया में स्थित है। सवाल यह है कि जो सेक्टर अंबाला सिटी में मौजूद हैं, उनका सजरा और सर्वे प्लान अंबाला कैंट के सेक्टरों पर कैसे लागू हो सकता है।
इसकी शिकायत सीएम हरियाणा से की है। मैं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से सेक्टर 32 व 33 की भूमि अधिग्रहण की गजट नोटिफिकेशन की सत्यापित प्रति मांग रहा हूं और विभाग मुझे इसके बदले सेक्टर 10 और 11 की भूमि अधिग्रहण क ी गजट नोटिफिकेशन की प्रति दी जा रही है। अफसर आरटीआई में भी जवाब देने से कतरा रहे हैं, लिहाजा अब हरियाणा सूचना आयुक्त ने अब जनवरी में हरियाणा के भूमि अधिग्रहण अधिकारी और फरवरी में प्राधिकरण के प्रशासक से इस बाबत जवाब मांगा है।
- रघुबीर सिंह, रिटायर्ड डीएसपी, हरियाणा पुलिस
इस संबंध में मैं रिकार्ड चेक करवाता हूं। अगर ऐसा हुआ है तो इसकी जांच होगी। आरटीआई में जवाब मांगने वाले प्रार्थी को इस बारे में जो भी जवाब बनेगा, वो उपलब्ध कराया जाएगा।
- मुकेश आहुजा, प्रशासक, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण।
सेक्टर 10, 11 और 12 का सजरा और सर्वे प्लान सेक्टर 32, 33 और 34 का क्यों दिखाया जा रहा है, इसे चेक कराना पड़ेगा। मैं इस मामले को दिखवाता हूं।
- देसराज, जिला नगर योजनाकार, अंबाला