इंडो पाक बॉर्डर पर तीन पाकिस्तानी ढेर
- फोटो : डेमो फोटो
सरहद पर मंगलवार तड़के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ कर रहे तीन घुसपैठियों को मार गिराया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में कामयाब हो गए। घटनास्थल से बीएसएफ को तीन मोबाइल फोन, पांच पाक सिम कार्ड व 655 रुपये की पाकिस्तानी करेंसी बरामद हुई है। यह घटना पंजाब के गुरदासपुर सेक्टर की बीओपी दरिया मनसूर में मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे घटी।
बीएसएफ के एडीजी (वेस्टर्न कमांड) अरुण कुमार व आईजी अनिल पालीवाल ने बताया कि गुरदासपुर सेक्टर से पाकिस्तान की तरफ से आतंकी घुसपैठ की सूचना के चलते सरहद पर चौकसी बढ़ाई हुई थी। सरहद पर जवानों की संख्या बढ़ाकर गश्त की जा रही थी। बीओपी दरिया मनसूर के पास बीएसएफ की बटालियन 70 के जवान कंटीली तार के साथ-साथ गश्त कर रहे थे।
जवानों ने पाकिस्तान की तरफ पांच घुसपैठियों की गतिविधियां देखीं और वे सतर्क हो गए। जैसे ही घुसपैठिए फल्कू नाला की तरफ से कंटीली तार तक पहुंचे तो बीएसएफ जवानों ने उन्हें चेतावनी देकर रुकने को कहा लेकिन घुसपैठियों ने बीएसएफ जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में बीएसएफ ने भी घुसपैठियों पर गोलियां दागीं। इस घटना में तीन पाकिस्तानी घुसपैठिए मारे गए और दो घुसपैठिए अंधेरे की आड़ में पाकिस्तान की तरफ भागने में कामयाब हो गए। घटनास्थल का दौरा करने पर तीन मोबाइल फोन, पांच पाकिस्तानी मोबाइल कंपनी के सिम कार्ड व 655 रुपये की पाकिस्तानी करेंसी बरामद हुई हैं।