खुफिया सूत्रों के मुताबिक सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे पाकिस्तान की तरफ से तीन ड्रोन हुसैनीवाला बार्डर (भारत) से सटे गांवों के ऊपर मंडराने लगे। जैसे ही बीएसएफ जवानों ने पाक ड्रोनों को भारतीय क्षेत्र के ऊपर मंडराते देखा तो फायरिंग शुरू कर दी। ड्रोन काफी ऊंचाई पर मंडरा रहे थे, जिस कारण निशाना नहीं लगा और पाक ड्रोन दोबारा पाकिस्तान लौट गए। वहीं फायरिंग की आवाज से सीमांत गांवों के ग्रामीण डर गए और घरों की छतों पर चढ़ गए।
इन्हीं ड्रोनों को लेकर बीएसएफ, पुलिस, काउंटर इंटेलीजेंस और खुफिया एजेंसियां सीमांत गांवों के खेतों में और घरों में सर्च अभियान कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक कुछ नहीं मिला है। पुलिस गांव में रहने वाले शरारती तत्वों से भी पूछताछ कर चुकी है कि पाकिस्तान से उनके पास असलहा या फिर हेरोइन की खेप तो नहीं पहुंची है। पिछले सात अक्तूबर से पाक ड्रोन भारतीय क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे हैं, इनके द्वारा फेंकी गई कोई वस्तु सुरक्षा एजेंसियों को नहीं मिली है।
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर से सटे सीमांत गांव हजारा सिंह वाला में मंगलवार को कुछेक संदिग्ध व्यक्ति इनोवा कार छोड़कर भाग गए। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की सीमांत गांवों में तलाश करने में जुटी है। इस गांव में सात, आठ, दस और 22 अक्तूबर को पाक ड्रोन मंडराते हुए भी देखे गए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सोमवार की रात तीन पाक ड्रोन हुसैनीवाला बार्डर से सटे गांव हजारा सिंह वाला व टिंडी वाला के ऊपर उड़ते देखे गए थे, जिस कारण मंगलवार को उनका गांवों में सर्च अभियान चल रहा था। एक इनोवा कार ने गांव हजारा सिंह वाला में प्रवेश किया और पुलिस को देखते ही कार में बैठे संदिग्ध व्यक्ति वाहन वहीं पर छोड़कर भाग गए।
संदिग्ध व्यक्तियों की पुलिस ने सीमांत गांवों में तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि उक्त संदिग्ध व्यक्ति या तो हेरोइन खेप लेने आए थे या फिर देने पहुंचे थे, जो पुलिस को देखकर भाग गए।