अब बुधवार से पीजीआई सीरो सर्वे के तीसरे चरण की शुरुआत करेगा। इस चरण में हल्लोमाजरा, कालोनी नंबर-चार, औद्योगिक क्षेत्र, भास्कर कालोनी, संजय कालोनी, इंदिरा कालोनी, बापूधाम, मौलीजागरां, डड्डूमाजरा, कालोनी नंबर पांच, एसबीएस कालोनी, मनीमाजरा को शामिल किया जाएगा।
बता दें कि पहले चरण के सर्वे के नतीजों के आधार पर पीजीआई के निदेशक प्रोफेसर जगतराम ने कहा था कि अगली लहर बच्चों के लिए खतरनाक साबित नहीं होगी, क्योंकि दूसरी लहर में ज्यादातर बच्चे संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं और उनमें एंटीबॉडीज विकसित हो चुकी हैं।
क्या है सीरो सर्वे?
सर्वे से यह पता लगाया जाएगा कि कितनी आबादी कोरोना से संक्रमित हुई है। कह सकते हैं कि कितने प्रतिशत लोगों में कोरोना के प्रति हर्ड इम्युनिटी विकसित हुई है। सीरो सर्वे में किसी क्षेत्र में रहने वाले कई लोगों के खून के सीरम की जांच की जाती है। लोगों के शरीर में कोरोना वायरस से लड़ने वाले एंटीबॉडी की मौजूदगी के साथ ही यह पता चल जाता है कि कौन सा शख्स इस वायरस से संक्रमित था और फिलहाल ठीक हो चुका है।