गुरु अमरदास एनक्लेव में चल रहा लेटरल सीवर का काम तसल्लीबख्श न मिलने और सोशल मीडिया पर इसे लेकर आलोचना को पंजाब के निकायमंत्री अनिल जोशी ने गंभीरता से लिया है।
उन्होंने अमृतसर में तैनात वाटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड के तीन अफसरों को सस्पेंड करने के आदेश दिए हैं। इनमें एक्सियन अनिल टंडन, एसडीओ गुरपाल सिंह और जेई राजीव कुमार शामिल हैं।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि जोशी ने काम तसल्लीबख्श न मिलने की सूचना पर आठ फरवरी को चीफ विजिलेंस अफसर को जांच के लिए मौके पर भेजा था। सीवीओ की रिपोर्ट के मुताबिक काम उचित मापदंडों के मुताबिक नहीं हो रहा था।
सैंपलों की टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद कंपनी के खिलाफ भी रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। जोशी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि लोक हित में मापदंडों केसाथ कोई समझौता न किया जाए।
निगरान इंजीनियर जांच कर इसके बारे में सरकार को बताएंगे, उसके बाद ही एजेंसी को कोई अदायगी की जाएगी। जोशी ने ईंट, सीमेंट और कंक्रीट के सैंपलों की जांच टीटीटीआई चंडीगढ़ से करवाने केनिर्देश दिए हैं।