आरएसएस सर संघचालक मोहन भागवत के जालंधर दौरे के दौरान सीटी इंस्टीट्यूट से कश्मीरी आतंकी गुट अंसार-गजवत-उल-हिंद (एजीएच) के तीन सदस्यों गिरफ्तार किए गए हैं।
इंस्टीट्यूट के हॉस्टल में मंगलवार रात मारे गए छापे में इनके कब्जे से एक किलो विस्फोटक, एक एके-47, इसके 51 कारतूस, एक पिस्टल और इसकी दो मैगजीन बरामद की गई। आशंका है कि गिरफ्तार आतंकवादी किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे थे। जालंधर सदर थाना पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 10 दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
डीजीपी सुरेश अरोड़ा व कमिश्नर पुलिस गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आतंकी जाहिद गुलजार पुत्र गुलजार अहमद रादर निवासी राजपोरा, पुलवामा, मोहम्मद इदरीश शाह उर्फ नदीम, निवासी पुलवामा और यूसुफ रफीक भट्ट, नूरपुरा, पुलवामा हैं।
आंतकी मूसा का चचेरा भाई है रफीक :
रफीक भट्ट सेंट सोल्जर कॉजेल बस्ती मिट्टू का विद्यार्थी है, जो आतंकी बुरहान वानी संगठन को चलाने वाले मूसा का चचेरा भाई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने भट्ट को बस्ती मिट्ठू इलाके से गिरफ्तार किया, जिसके बाद सीटी इंस्टीट्यूट के हॉस्टल में रेड की गई और उसके दो साथियों को काबू किया। इनका मकसद क्या था, यह साफ नहीं हुआ है, लेकिन इनको अभी आदेश दिए जाने थे। भट्ट ने ही हथियारों व विस्फोट का प्रबंध किया था।