गांव ढाणी रिवासा के पूर्व सरपंच रमेश ने बताया कि उन्हें जैसे ही हादसे की सूचना फोन पर मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। जिस गाड़ी के साथ ये हादसा हुआ वो भी उन्हीं के गांव के किसी व्यक्ति की है। हादसे के बाद गाड़ी भी सड़क से दूर झाड़ियों में पलट गई।
कार के अंदर भी तोशाम से पढ़ाई करने वाली तीन-चार लड़कियां बैठकर अपने गांव वापस आ रही थी। हादसे में कार के अंदर सवार सभी चार-पांच लोग सुरक्षित हैं। जबकि बाइक पर तोशाम जा रहे संजय व उसकी मां रोशनी के अलावा अक्षय की हादसे में मौत हो गई।
तोशाम पुलिस के जांच अधिकारी रामभज ने बताया कि तीनों के शवों को भिवानी जिला सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। शुक्रवार सुबह परिजनों के बयान दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर इस संबंध में गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
कुत्ते ने कांटा तो इंजेक्शन लगवाने जाना पड़ा
युवक संजय अपनी मां को बाइक पर लेकर तोशाम जाने लगा तो इसी दौरान उनके पड़ोसी विकास का लड़का अक्षय भी उनके साथ जाने को तैयार हो गया। अक्षय को कुत्ते ने काट लिया था और उसे इंजेक्शन लगवाना था।
अक्षय के परिजनों के कहने और अस्पताल में ही मां को ले जाने के कारण संजय ने अक्षय को भी साथ बैठा लिया। मगर किसी पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर होगा। अक्षय तीन भाई-बहनों में छोटा था। उसका एक भाई व एक बहन है। अक्षय गांव के ही स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था।