लजीज व्यंजन खाने का शौक रखते हैं तो अगले तीन दिन तक लेजर वैली में आएं। यहां पैलेट फूड फेस्टिवल शुरू होने जा रहा है। सिटको, नगर निगम के सहयोग से पैलेट फेस्ट प्रा. लि.की ओर से सेक्ट -10 स्थित लेजर वैली में 14 अक्तूबर से तीन दिवसीय लॉयड पैलेट फेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें लोगों को बेहतरीन व्यंजनों का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
यह जानकारी वीरवार को प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सिटको की एमडी कविता सिंह ने दी। उन्होंने बताया है कि यह फेस्टिवल 14 से 16 अक्तूबर तक सुबह 11बजे से रात दस बजे तक चलेगा। इसमें लेजर वैली में 20 स्टाल लगाए जाएंगे। इसमें माउंट व्यू, हयात, ताज, द ललित, काइलिन, देसी बर्गर, कासा बेला, दिल्ली चटनी कंपनी, फैट बुल्स सहित कई ब्रांडेड होटलों के स्टाल लगाए जाएंगे। यहां पर लोग लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं।
इस फेस्टिवल का आयोजन इसलिए किया जा रहा है ताकि शहर में पर्यटन का प्रमोशन हो सके। रात में आने वाले पर्यटकों को चंडीगढ़ घूमने का मौका भी मिले। फेस्ट की निदेशक अदिति कपूर ने बताया कि नई दिल्ली में इसकी सफलता के बाद इस साल की शुरुआत में हमने चंडीगढ़ में पैलेट फेस्ट लॉन्च किया था और लोगों की मांग को देखते हुए इसे दोबारा इस शहर में आयोजित कर रहे हैं। 16 अक्तूबर तक फेस्टिवल के दौरान लेजर वैली में बैंड की प्रस्तुति होगी।