रिजर्व फोर्स की भी तैनाती रविवार को की जा सकती है। वॉटर कैनन, आंसू गैस और दंगा विरोधी टीम की विशेष तैनाती की जा सकती है। आशंका है कि किसान फैदां मार्ग के साथ इस मार्ग से भी चंडीगढ़ कूच कर सकते हैं। रात में सेक्टर-48 की तरफ गोल्फ टर्न वाली सड़क बंद भी कर दी गई। वहीं, मोटर मार्केट वाली सड़क और बुड़ैल जेल से मोहाली की ओर जाने वाली सड़क फिलहाल बंद नहीं की गई है।
उधर, पंचकूला में 10 कंपनियों के 900 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ये कंपनियां अंबाला, कुरुक्षेत्र और रोहतक से मंगवाई गईं हैं। जिले के सीमांत क्षेत्रों समेत शहर में अलग-अलग जगह 12 पुलिस नाके लगाए जाएंगे। सभी नाकों पर पुलिस का तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। इन नाकों पर इंस्पेक्टर से लेकर डीएसपी रैंक तक के अधिकारी तैनात रहेंगे।
जिले के भीतर लगे पुलिस नाकों पर इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी मौजूद होंगे। नाकों पर बॉडी कैमरे के साथ पुलिसकर्मी मौजूद होंगे ताकि पुलिस विभाग के आला अधिकारी सभी पर नजर रख सकें। जिला प्रशासन की तरफ से अलग-अलग क्षेत्रों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे। डीसीपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि किसान अपनी मांगों को लेकर तीन दिन तक धरना देंगे। सुरक्षा को देखते हुए दूसरे जिलों से पुलिस फोर्स मंगवाई गई है।
किसानों के महापड़ाव को देखते हुए हरियाणा, पंजाब और यूटी चंडीगढ़ के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई थी। इसमें पंचकूला पुलिस और प्रशासन की ओर से जिले में हजारों किसानों के आने की आशंका जताई गई। चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस विभाग से पंचकूला से सटी सीमा पर नाकों पर पुलिस को तैनात करने को कहा था ताकि किसान चंडीगढ़ में न घुस पाएं।
पंचकूला में अभी तक पुलिस विभाग के पास किसानों के सेक्टर-5 में एकत्रित होने की सूचना है। किसानों के एकत्रित होने के बाद किसान धरनास्थल पर ही प्रदर्शन करेंगे या फिर चंडीगढ़ की ओर कूच करेंगे इसकी पूरी जानकारी नहीं है। किसान नेता अमरजीत सिंह ने बताया कि एसकेएम के आह्वान पर किसानों का तीन दिवसीय महापड़ाव सेक्टर-5 धरनास्थल पर होगा। इसके लिए वे खुद धरनास्थल पर पहुंचे हैं। यहां पर किसान रुकेंगे। किसानों के ठहरने की जो व्यवस्था होगी, उसके लिए साथी काम कर रहे हैं।
जगतपुरा सेक्टर-48-49 ट्रैफिक लाइट से बावा व्हाइट हाउस रोड तीन दिन रहेगी बंद
मोहाली में किसान अलग-अलग रूट से धरना स्थल पर पहुंचेंगे। पांच से 10 हजार किसानों के जुटने की संभावना है। बताया जा रहा है कि किसान करीब तीन हजार वाहनों में सवार होकर अलग-अलग जिलों से मोहाली पहुंचेगे। इनमें ट्रैक्टर-ट्रलियां, मिनी बसें आदि शामिल हैं। किसानों के धरने को देखते हुए पंजाब पुलिस ने मोहाली की सड़कों पर सुचारु आवाजाही के लिए 28 नवंबर तक जगतपुरा सेक्टर-48-49 ट्रैफिक लाइट पॉइंट से बावा व्हाइट हाउस तक यातायात बंद को बंद रखने का एलान किया है। एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने रूट प्लान जारी करते हुए कहा कि लोग तीन दिन तक शहर की सड़कों पर भारी वाहनों का उपयोग करने से परहेज करें।
ध्यान दें, यहां से गुजर सकते हैं
फैदां बैरियर/जंक्शन नंबर 63 (पूर्व मार्ग) से शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मोहाली को जाती सड़कें धरने तक बंद रहेंगी। ऐसे में आम लोगों के लिए रूट तैयार किया गया है। बेस्टेक मॉल की तरफ से इंटरनेशनल एयरपोर्ट जान वाले लोगों को फैदां बैरियर से दाएं मुड़कर और फिर स्लिप रोड से बाएं मुड़कर सेक्टर 46/47/48/49 चौक से एयरपोर्ट रोड पकड़ें। वहीं जो लोग चंडीगढ़ की तरफ से पटियाला, संगरूर, सिरसा की तरफ जा रहे हैं, उन्हें ट्रिब्यून चौक से जीरकपुर का रास्ता अपनाने को कहा गया है। लोगों से कहा गया है कि ट्रिब्यून चौक से इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाली सड़क न पकड़ें।
किसानों की प्रमुख मांगें
- एमएसपी गारंटी कानून
- लखीमपुरी घटनाक्रम में इंसाफ
- किसान मोर्चे में जान गंवाने वाले परिवारों को सहायता व नौकरी
- दिल्ली मोर्चे के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज केस को खत्म करना
- बाढ़ प्रभावित किसानों को पंजाब सरकार से मुआवजा दिलाना
- गन्ने के दाम बढ़ाना, हालांकि सरकार गन्ने का दाम बढ़ाने का एलान कर चुकी है
- पराली जलाने के कारण किसानों पर दर्ज मामलों को खारिज किया जाए
- किसानों को कर्जा मुक्त किया जाए
- बिजली बिल माफी