डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फरार कराने की साजिश मामले में हरियाणा पुलिस के मधुबन स्थित हरियाणा आर्मड पुलिस (हैप) के तीन कमांडो को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान पुलिस उनके हथियार सहित अन्य पहलुओं पर जानकारियां जुटाएगी। तीन और गिरफ्तारी के बाद डेरा प्रमुख को 25 अगस्त को फरार कराने की साजिश में गिरफ्तार होने वालों फेहरिस्त बढ़कर 14 हो गई है।
25 अगस्त को पंचकूला की सीबीआई कोर्ट ने गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिया था। उस दिन डेरा प्रमुख की सुरक्षा में तीनों पुलिस जवान भी शामिल थे, जिनपर फरार कराने की साजिश सहित अन्य आरोप भी हैं। इस मामले में दर्ज एफआईआर में पहले ही 11 सुरक्षा कर्मियों की गिरफ्तारी हो गई थी। अब यह संख्या 14 तक पहुंच गई है। गिरफ्तार आरोपियों में मधुबन के कांस्टेबल राजेश, हेड कांस्टेबल अमित और हेड कांस्टेबल राजेश के नाम शामिल हैं।
पहले दर्ज एफआईआर नंबर-336 के तहत तीनों आरोपी हैं, जिन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इस दौरान हुए खुलासे के बाद पुलिस ने तीनों जवानों को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी मनवीर सिंह ने बताया कि तीनों जवानों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने के बाद पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। तीनों आरोपियों के हथियार भी पुलिस बरामद करेगी।
डेरा प्रमुख का सुरक्षा कर्मियों पर भी था प्रभाव
पंचकूला। डेरा सच्चा सौदा मुखी को फरार कराने की साजिश में पंजाब, राजस्थान, चंडीगढ़ पुलिस सहित निजी सुरक्षा कर्मियों के शामिल होने से यह बात साफ होने लगी है कि डेरा प्रमुख का सुरक्षा कर्मियों पर भी काफी प्रभाव था। जैसे ही पंचकूला की सीबीआई अदालत ने गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिया, सुरक्षा कर्मी अपनी ड्यूटी छोड़ डेरा प्रमुख को फरार कराने की साजिश को अंजाम देने में जुट गए। इस मामले में पंजाब, हरियाणा पुलिस के कर्मियों को नेाटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।