पंजाब के बठिंडा में मिलीं कई चिट्ठियों से हड़कंप मच गया है। इन पत्रों में सात जून को तबाही मचाने की बात लिखी है। लाल स्याही से लिखे इन पत्रों को कई डाकखानों के पोस्टल बॉक्स में डाला। पत्र में लिखा है कि सात जून को बठिंडा में सिलसिलेवार धमाके किए जाएंगे। पत्र लिखने वाले ने पुलिस को पकड़ने की धमकी तक दे डाली। इन पत्रों का कहां से और किसने भेजा है... इसकी जांच में पुलिस जुट गई है।
ये पत्र नेताओं, अधिकारियों और व्यापारियों को भेजे गए हैं। आधा दर्जन से अधिक धमकी भरे पत्र मिलने से पुलिस भी अलर्ट हो गई है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पत्र लिखने वाले ने स्पष्ट किया कि सात जून 2023 तक बठिंडा में करीब 12 स्थानों पर बम धमाके किए जाएंगे। इनका सामान उनके पास पहुंच चुका है।
इन स्थानों पर धमाकों की लिखी बात
ये धमाके कहां होंगे... इसका भी जिक्र आरोपी ने किया है। ऐतिहासिक किला मुबारक, रेलवे स्टेशन, आदेश अस्पताल, एसएसपी कार्यालय, केंद्रीय जेल, आईटीआई, तेल डिपो जस्सी, निरंकारी भवन, मित्तल मॉल, नई कार पार्किंग को निशाना बनाने की बात लिखी है। पत्र में यह भी लिखा है कि यह धमाके ड्रोन या रिमोट हो सकते हैं, बच सकते हो तो बचो।
अमृतसर में हो चुके तीन धमाके
हाल ही में अमृतसर में हेरिटेज स्ट्रीट के पास तीन धमाकों ने सभी को हैरान कर दिया था। हालांकि पंजाब पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड समेत पांच आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की थी। अब धमकी भरे पत्र मिलने से पुलिस की चिंता बढ़ गई है। बता दें कि पंजाब में तीन से छह जून तक घल्लूघारा दिवस मनाया जाता है। इस सप्ताह पूरा पंजाब अलर्ट पर रहता है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की जाती है। सभी वाहनों की जांच भी की जाती है। संवेदनशील जगहों पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी जाती है।