इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मंडेला चौक पर ड्रंकन ड्राइव के नाके पर ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली नंबर की वरना कार से सैकड़ों की संख्या में शराब की बोतलें बरामद की हैं। बोतलें डिग्गी और सीट के नीचे छुपाकर रखी गई थीं। नाका देख चालक ने कार दौड़ाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने करीब 100 मीटर पीछा कर दबोच लिया। जबकि कार में बैठा दूसरा साथी भाग गया।
जांच में चालक शराब के नशे में मिला। इसके बाद कार को इंपाउंड कर सूचना पुलिस को दे दी गई। चालक की पहचान खन्ना निवासी विशाल कुमार (30) के रूप में हुई है। खबर लिखे जाने तक इंडस्ट्रियल थाना पुलिस चालक से पूछताछ में जुटी थी।
दोनों के वहां से भागने पर पुलिसकर्मियों का शक हुआ और ट्रैफिक मार्शल एमएम खान और सन्नी ने इंस्पेक्टर जसमेर की अगुवाई में चालक को करीब 100 मीटर पीछा कर दबोच लिया। जबकि दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने जब एल्कोहल मीटर से चेक किया तो चालक नशे में मिला। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने चालान कर कार को इंपाउंड कर लिया।
खन्ना ले जानी थी शराब
पुलिस को कार से इंपीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग समेत अन्य अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जांच में सामने आया कि शराब चंडीगढ़ से खन्ना ले जाई जा रही थी। चंडीगढ़ में शराब पंजाब के मुकाबले सस्ती है। ऐसे में यहां से खरीदकर तस्कर कर इसकी सप्लाई दूसरे राज्यों में करते हैं।