चंडीगढ़। सेक्टर-8/बी स्थित कोठी नंबर 728 में बीते छह अगस्त को हुई 98 वर्षीय वृद्धा जोगिंदर कौर की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में एक शख्स को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों ने दावा किया है कि हत्यारोपी कोठी में चोरी के इरादे से दाखिल हुआ था। पहले उसने नौकरानी भावना के कमरे से 500 रुपये व अन्य सामान चुराए। इस दौरान जोगिंदर कौर की नजर उस पर पड़ गई। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने पहले उनसे हाथापाई की, फिर चाकू मारकर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है। कोरोना काल में उसकी नौकरी चली गई थी। इस वजह से उसे पैसों की तंगी हो गई थी। पुलिस ने फिलहाल आरोपी की पहचान गुप्त रखी है। उनका कहना है कि इसका खुलासा जल्द किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़ा है। आरोपी से सख्ती पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस अब आरोपी का पुराना आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।
बता दें कि बीती छह अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-8/बी स्थित कोठी नंबर-728 में 98 वर्षीय जोगिंदर कौर लहूलुहान पड़ी हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग महिला को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में पता चला था कि जोगिंदर के गले पर चाकू से वार किए गए हैं। जिस कमरे में वारदात हुई थी, उसका और नौकरानी के कमरे का सामान बिखरा हुआ था। कमरे से खून से सना एक चाकू भी बरामद हुआ था। जोगिंदर मकान के अगले हिस्से में अकेले रहती थीं और नौकरानी ही उनकी देखभाल करती थी। वारदात के वक्त नौकरानी पार्क में टहलने गई थी। हत्या के बाद पुलिस की प्राथमिक जांच में खुलासा हो गया था कि लूट के इरादे से घुसे शख्स ने वारदात को अंजाम दिया है। हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया था।