ई-चालन होने से जहां कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कुछ लोगों को इससे एक उम्मीद जगी है। ऐसी ही घटना चंडीगढ़ सेक्टर 20 निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग दर्शन लाल के साथ हुई थी। 19 सितंबर को वह पत्नी के साथ माया गार्डन में अपने बेटे के घर नवजात पौत्र को देखने आए थे तो वहां से उनकी एक्टिवा चोरी हो गई थी। घटना के बारे में पीड़ित बुजुर्ग दर्शन लाल के बेटे गौरव ने बताया कि उसके पिताजी व मां चंडीगढ़ सेक्टर-20 में रहते हैं और वह खुद जीरकपुर-अंबाला रोड पर स्थित माया गार्डन में रहता है।
19 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे उसके पिताजी उसके बेटे को देखने आए। शाम करीब 4 बजे लौटने लगे तो वहां एक्टिवा नहीं थी। इसके बाद से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह जीरकपुर थाने के चक्कर लगा रहे थे पर पुलिस केस दर्ज कर ही नहीं रही थी। इसी बीच 26 सितंबर को उनके पिता के फोन पर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस का मैसेज आया कि उनकी एक्टिवा का चंडीगढ़ में रैश ड्राइविंग का 500 रुपये का चालान कटा है।
इस पर वह चंडीगढ़ सेक्टर 29 ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय जाकर बात बताई तो उन्होंने एफआईआर मांगी। इस पर 27 सितंबर को उन्होंने जीरकपुर पुलिस को स्कूटर चोरी करने वाले व्यक्ति के ड्राइविंग लाइसेंस का विवरण बताया। इसके बाद 28 सितंबर को पुलिस ने जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी निवासी फेज-9 मोहाली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एफआईआर की।
एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने गाजीपुर सड़क पर नाकेबंदी की हुई थी। इस दौरान एक एक्टिवा सवार को रोककर जब दस्तावेजों की जांच की तो वह सही जवाब नहीं दे सका। जांच में पता चला कि एक्टिवा पर किसी बोलेरो का नंबर लगाया हुआ है। पूछताछ में उसने बताया कि यह एक्टिवा उसने माया गार्डन से चोरी की है।
वहीं उसने दो और एक्टिवा चोरी करनी मानी। पुलिस ने तीनों एक्टिवा बरामद कर ली है। इनमें से एक हंस राज शर्मा पुत्र कस्तूरी लाल निवासी मकान नंबर 416 हॉलीवुड हाइट्स-1 जीरकपुर की निकली। वहीं तीसरे स्कूटर के मालिक की पहचान नहीं हो सकी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक्टिवा चोर एक एएसआई के पास निजी टाइपिस्ट के तौर पर काम करता था। पुलिस ने कथित आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।