चंडीगढ़। सुखना झील में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 के अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।
मृतक की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय विक्की गोसाईं के रूप में हुई है। विक्की अपनी मां के साथ रहता था। रविवार को सुबह करीब 9:30 बजे एक व्यक्ति ने देखा कि सुखना झील में किशनगढ़ की तरफ रेगुलेटरी एंड के पास पानी में एक शव पड़ा है। मामले की सूचना पाते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पानी से निकालकर सेक्टर-16 के अस्पताल में पहुंचाया।
सेक्टर-3 थाना प्रभारी सुखद्वीप सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति ने विक्की के शव को रेगुलेटरी एंड की तरफ जाते हुए पानी में देखा था। जहां शव मिला वहां से एक बैग भी बरामद हुआ है, जिसमें मछलियां थीं। थाना प्रभारी का कहना है कि अभी साफ नहीं हुआ कि यह हादसा है या आत्महत्या। पुलिस के अनुसार शव दलदल में फंस चुका था।