चंडीगढ़। शहर और इसके आस टैलेंट की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है छिपे हुए इस टैलेंट को खोजने और उन्हें निखारने की। यह कहना है अर्जुन अवॉर्डी एवं ओलंपियन निशानेबाज प्रकाश नंजप्पा का। उन्होंने शनिवार को ने दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल, डेराबस्सी में नई खुली शूटिंग रेंज का उद्घाटन किया।
स्कूल परिसर में नई बनी 10 मीटर की शूटिंग रेंज का नाम भी इन्हें के नाम प्रकाश नंजप्पा शूटिंग अकादमी पर रखा गया है। इस अकादमी में 10 मीटर का आधुनिक इंडोर शूटिंग रेंज बनाया गया है, जिसमें 12 लेन हैं। इसे नवीनतम तकनीक से सुसज्जित किया गया है, ताकि उभरते हुए निशानेबाजों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें।
इस मौके पर दीक्षांत स्कूल्स के के चेयरमैन मितुल दीक्षित ने बताया कि इस अकादमी का उद्देश्य जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें तराशना है, ताकि भविष्य में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी तैयार किए जा सकें। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य ओलंपिक स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करना है। यह अकादमी केवल दीक्षांत स्कूल के छात्रों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बाहरी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भी खुली होगी। आने वाले समय में देशभर से प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें छात्रवृत्ति और हॉस्टल जैसी सुविधाएं देने की योजना है, जिसमें शूटिंग सहित अन्य खेलों को भी शामिल किया जाएगा।
ओलंपियन खिलाड़ी बनाना लक्ष्य
अर्जुन अवॉर्डी एवं ओलंपियन निशानेबाज प्रकाश नंजप्पा ने बताया पहले के समय में इतनी सुविधाएं नहीं थी, लेकिन अब देश में कई जगह पर बेहतरीन शूटिंग रेंज बनाई जा चुकी हैं। मेरा लक्ष्य इस नई शूटिंग रेंज के जरिए इस एरिया से ओलंपियन खिलाड़ियों को तैयार करना है। अभी हम इसकी शुरुआत करने जा रहे है।आने वाले 1 - 2 वर्षों में इस शूटिंग रेंज से हमें खिलाड़ियों को बेहतर बनाने की दिशा में रिजल्ट मिलने शुरू हो जाएंगे।