चंडीगढ़। जीएस बांगा मोमोरियल टी- 20 चैलेंजर कप का आयोजन गुरु नानक पब्लिक स्कूल सेक्टर 36 में किया जा रहा है। पहले मुकाबले में वाईपीएस मोहाली की टीम ने टीपी स्ट्राइकर्स की टीम को 43 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में चिराग रावल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 85 रनों की शानदार पारी खेली, जो टीम की जीत में निर्णायक साबित हुई। मैच में पहले खेलते हुए वाईपीएस मोहाली की टीम ने निर्धारित 20 अेावर में 8 विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में टीपी स्ट्राइकर्स की टीम 19 ओवर में 137 रन ही बना पाई।
दूसरे मुकाबले में पंचकूला स्ट्राइकर्स की टीम ने सनशाइन क्रिकेट अकादमी की टीम को 5 विकेट से हरा दिया। मैच के दौरान पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइज क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 17.2 ओवर में कुल 99 रन ही बना पाई। जवाब में पंचकूला स्ट्राइकर्स की टीम ने 12.4 ओवर में 5 विकेट पर 105 रन बनाकर मैच को जीत लिया। पंचकूला स्ट्राइकर्स के केशव कुमार को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।