मोहाली फेज-9 स्थित एक नामी कंपनी में दिसंबर में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। सीआईए के हरमिंदर सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार उर्फ रिक्की को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी नालागढ़ हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने चार घड़ियां, एक कंप्यूटर, एलसीडी, एक प्रिंटर, दो एलईडी, एक लैपटॉप, डीवीआर, हार्डडिस्क और गैस सिलेंडर बरामद किया है।
हरमिंदर ने बताया कि फेज-9 स्थित स्पीड एंड सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड के मालिक ने इस संबंध में 30 दिसंबर को केस दर्ज करवाया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी मुकेश से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दो साल पहले इस कंपनी में नौकरी करता था।
उसके पास ही दफ्तर की सभी चाबियां होती थीं। उसने डुप्लीकेट चाबियां बनवा रखी थी। आरोपी ने इन चाबियों का प्रयोग करते हुए वर्ष 2014 से 2015 तक तीन बार कंपनी के दफ्तर में चोरी की थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी से पूछताछ में कई और राज खुलेंगे। जिक्रयोग है कि यह अपनी तरह का पहला मामला नहीं है।
इससे पहले भी पुलिस ने एक ऐसा ही आरोपी पकड़ा गया था। जो कि एक शोरूम में काम करता था। जब उसे नौकरी से निकाला गया तो उसने चोरी से दुकान की डुप्लीकेट चाबी बना ली थी। इसके बाद जब रात को सभी के घर चले जाने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम देता था।