चंडीगढ़। गर्मी और उमस से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो रहा है। नौ अगस्त से बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ उत्तर भारत में बारिश होगी। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि 9 व 10 अगस्त को चंडीगढ़ सहित पंजाब व हरियाणा में अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं, जबकि 8 अगस्त को एक दो स्थानों में हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक ज्यादा रहा।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि इस बार मानसून को बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं का सपोर्ट मिलेगा। इससे सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं बल्कि देश के कई हिस्सों मे बारिश होगी। 8 अगस्त को कुछ जगहों पर बारिश होगी, जबकि 9 व 10 अगस्त को अधिकतर हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।