दिल्ली से आई टीम पूछ रही- बताओ, सबसे अच्छा उम्मीदवार कौन
कांग्रेस के 15 वार्डों में नामों पर बनी सहमति, 35 वार्डों के लिए 12 कमेटियों ने दो-तीन नामों का पैनल बनाया सर्वे रिपोर्ट पांच नवंबर तक आएगी
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट की दौड़ तेज हो गई है। पार्टी ने 35 वार्डों में दावेदारों के नाम छांटने के लिए 12 कमेटियां बनाई हैं। इन कमेटियों ने हर वार्ड से दो से तीन नामों का पैनल तैयार किया है। इनमें 15 वार्ड ऐसे हैं, जहां नामों पर सहमति बन चुकी है। दूसरी ओर, दिल्ली की एजेंसी की टीम शहर में घूमकर लोगों से पूछ रही है कि उनके वार्ड में सबसे अच्छा उम्मीदवार कौन हो सकता है। टिकट के कई दावेदार भी अपनी पैरवी के लिए दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं।
सर्वे में केवल कांग्रेस के दावेदारों की लोकप्रियता ही नहीं बल्कि मौजूदा पार्षदों के कामकाज को भी परखा जा रहा है, चाहे वे किसी दूसरी पार्टी के हों। लोगों से पूछा जा रहा है कि वार्ड में कौन लोकप्रिय है, किसे शहर के मुद्दों की जानकारी है और कौन लोगों के बीच मिलनसार है। एजेंसी के प्रतिनिधि अलग-अलग लोगों से राय ले रहे हैं। सर्वे रिपोर्ट पांच नवंबर तक आने की उम्मीद है। पार्टी की 12 कमेटियों की ओर से तैयार नामों के बंद लिफाफे तीन नवंबर को सांसद मनीष तिवारी की मौजूदगी में खोले जाएंगे।
सर्वे के आधार पर तय होंगे नाम
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि पार्टी इस बार सर्वे के आधार पर प्रत्याशियों के नाम तय करेगी। सर्वे रिपोर्ट पांच नवंबर तक आने की उम्मीद है। कमेटियों की ओर से तैयार नामों पर सांसद मनीष तिवारी की मौजूदगी में भी चर्चा होगी। फील्ड में किसकी लोकप्रियता और स्वीकार्यता है, टिकट का फैसला इसी आधार पर किया जाएगा।