बेंच पर पटका सिर, लातों से मारा, ईंट से चेहरे को कुचला, मासूम की चीख से गूंजा क्लास रूमपंचकूला के एक सरकारी स्कूल का मामला, आठ के छात्र ने क्रूरता की हद पार की, छह साल की बच्ची को किया लहूलुहान
सीसीटीवी फुटेज देखकर लोगों की चीख निकल पड़ी, पीजीआई में चेहरे की बड़ी सर्जरी पुलिस और शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर/संवाद
पंचकूला। शहर के एक सरकारी स्कूल में आठ साल के बच्चे ने छह साल की मासूम बच्ची पर बेरहमी से हमला कर दिया। पहले उसका सिर बेंच पर पटका, फिर लातों से पीटा और ईंट से सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। बच्ची बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी, लेकिन हमलावर नहीं रुका। उसने डस्टबिन से भी उस पर वार किए। हमले का पूरा घटनाक्रम स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। खाली कमरे में बच्ची पर हुए इस हमले की फुटेज देखकर लोगों की चीख निकल पड़ी। 28 अक्तूबर को हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल बच्ची को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया, जहां उसके चेहरे की बड़ी सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जिला मौलिक शिक्षा विभाग के अनुसार, घटना दोपहर करीब तीन बजे हुई। उस समय बाल वाटिका के बच्चों की छुट्टी हो चुकी थी और अन्य बच्चे मिड-डे मील के लिए जा रहे थे। बच्ची वॉशरूम की ओर जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान तीसरी कक्षा का एक छात्र उसे बहाने से पहली मंजिल पर बने खाली क्लासरूम में ले गया और उस पर हमला कर दिया। हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
छुट्टी के बाद तलाश शुरू हुई तो घायल मिली बच्ची
छुट्टी के बाद ऑटो चालक को बच्ची अपने तय स्थान पर नहीं मिली तो उसने पिता को सूचना दी। पिता स्कूल पहुंचे और बेटी की तलाश शुरू की। इसी दौरान संबंधित बच्चे ने उन्हें पहली मंजिल के क्लासरूम में बच्ची के घायल पड़े होने की जानकारी दी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। पहले नागरिक अस्पताल में उपचार हुआ, फिर गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया। करीब दो दिन बाद बच्ची ने माता-पिता और चाचा से बातचीत की तो वह रोने लगी।
शिक्षकों की कमी और निगरानी व्यवस्था पर सवाल
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। शिक्षकों की कमी के कारण छह साल की बच्ची और आठ साल का बच्चा एक ही कक्षा में बैठते थे। वहीं, शिक्षा विभाग के अनुसार बच्ची बाल वाटिका में और हमला करने वाला छात्र तीसरी कक्षा में पढ़ता है। घटना ने स्कूल में छोटे बच्चों की निगरानी, खाली कक्षाओं तक उनकी पहुंच और शिक्षकों की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिक्षा विभाग ने बनाई जांच समिति, आयोग ने भी लिया संज्ञान
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जांच समिति बनाई है। इसमें सेक्टर-12 स्थित सार्थक स्कूल की प्राचार्य रेनू और सेक्टर-19 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य निर्मल ढुल शामिल हैं। समिति को दो दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक विद्यालय प्रमुख मीनाक्षी जसवाल ने बताया कि घटना के समय वह संगोष्ठी में थीं। जानकारी मिलने पर उन्होंने पीजीआई पहुंचकर बच्ची का हाल जाना। सुमन चौधरी और उप जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नरोत्तम शर्मा ने भी बच्ची और उसके परिजनों से मुलाकात की। उधर, हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तृप्ति हरिपाल श्योराण ने घटना पर चिंता जताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्कूल में संभावित लापरवाही और पुलिस जांच को गंभीरता से लेने को कहा है।
पुलिस करवा रही बच्चे का मानसिक आकलन
एसीपी विक्रम नेहरा ने बताया कि बच्ची के पिता के बयान दर्ज कर जांच की जा रही है। मासूम को पीटने वाले बच्चे और उसके परिजनों से भी पूछताछ की गई है। बच्चे की मानसिक स्थिति का आकलन कराने के लिए परीक्षण करवाया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कोट
तीसरी कक्षा के बच्चे ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके पीछे मनोवैज्ञानिक कारण हैं या कुछ और, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। विभाग मामले को गंभीरता से देख रहा है। -नरोत्तम शर्मा, डिप्टी डीईईओ, जिला मौलिक शिक्षा विभाग, पंचकूला
अभिभावकों के लिए सलाह
- बच्चों के व्यवहार, गुस्से, चिड़चिड़ेपन और अचानक आए बदलावों को नजरअंदाज न करें, उनसे खुलकर बात करें।
- रोज कुछ समय बच्चों के साथ बिताएं और स्कूल में उनके साथ क्या हो रहा है, यह सहजता से जानें।
- बच्चों को मारपीट, धमकी या किसी से डरने जैसी बातों को बिना झिझक बताने का भरोसा दें।
- यदि बच्चा असामान्य रूप से आक्रामक, गुमसुम या डरा हुआ दिखे तो उसे डांटने के बजाय धैर्य से समझें और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लें।
- स्कूल के शिक्षकों से नियमित संपर्क रखें और बच्चे की दोस्ती, संगति तथा स्कूल में होने वाली गतिविधियों पर नजर बनाए रखें।