छात्रसंघ महासचिव की सिक्योरिटी से नोकझोंक, बैरिकेड हटाकर छात्रों को दिलाया प्रवेश
स्टिकर न मिलने से गेट पर रोकने से विद्यार्थियों में नाराजगी, कहा-विद्यार्थियों को परेशान किया गया तो कड़ा रुख अपनाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रसंघ के महासचिव अभिषेक डागर की सुरक्षाकर्मियों से गेट पर नोकझोंक हो गई। मामला यूनिवर्सिटी की ओर से लागू की गई स्टिकर व्यवस्था से जुड़ा है जिसके तहत केवल स्टिकर लगे वाहनों को ही कैंपस में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
हालांकि, कई विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने स्टिकर के लिए आवेदन किया था लेकिन उन्हें अब तक स्टिकर जारी नहीं किया गया। इसके चलते सिक्योरिटी ने उन्हें गेट पर रोक लिया। इस पर अभिषेक डागर मौके पर पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों से कहा कि जब स्टिकर जारी ही नहीं हुए तो छात्र कैसे दोषी हो सकते हैं।
अभिषेक डागर ने मांग की कि सिक्योरिटी कर्मी छात्रों के आईडी कार्ड देखकर प्रवेश की अनुमति दें क्योंकि स्टिकर जारी करने में देरी प्रशासन की है, न कि विद्यार्थियों की। सिक्योरिटी की सख्ती से नाराज होकर उन्होंने बैरिकेड हटवाकर छात्रों को प्रवेश दिलाया और मौके से ही संबंधित अधिकारी को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विद्यार्थियों को इस तरह परेशान किया गया तो यूनिवर्सिटी छात्र परिषद कड़ा रुख अपनाएगी। अभिषेक ने कहा कि आउटसाइडर्स को आईडी चेक कर रोका जाए लेकिन कैंपस के छात्रों को रोकना अनुचित और अपमानजनक है।