संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। दीपावली के मद्देनजर पुलिस द्वारा शहर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। शहर में कड़ी नाकेबंदी की गई है। पुलिस दलों द्वारा हरेक वाहन की जांच की जा रही है। शहर के भीड़-भाड़ वाले बाजार में और चौकसी बढ़ा दी गई है। पैदल पुलिस टीम और पीसीआर वाहनों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। इसके साथ पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर फ्लैग मार्च किया।
विशालजीत सिंह, एडीसीपी सिटी-1, अमृतसर, जसपाल सिंह, एसीपी सेंट्रल, अमृतसर एवं मुख्य अधिकारी पुलिस स्टेशन ई-डिवीजन, अमृतसर के नेतृत्व में इंस्पेक्टर हमनजीत सिंह ने एंटी-सबोटेज टीमों, स्निफर डॉग और स्वॉट टीम कमांडो के साथ कटरा जैमल सिंह, शास्त्री मार्केट, कर्मो ड्योढ़ी, गुरु बाजार में चेकिंग की और फ्लैग मार्च किया। थाना बी डिवीजन के इंचार्ज इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह औलख द्वारा सोने के तीली कोके बनाने वाली उत्तर भारत की सबसे बड़ी मार्केट टाहली वाला चौक सुल्तानविड रोड में फ्लैग मार्च किया।
इसके अतिरिक्त बाजार की कई एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनसे विचार-विमर्श किया गया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अपनी दुकानों के अंदर और बाहर सही दिशा में अच्छी गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो पुलिस को सूचित करें। कमिश्नरेट पुलिस, अमृतसर लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए 24 घंटे तैयार है।