चंडीगढ़। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने आठवीं कक्षा के एक ऐसे छात्र को पकड़ा है, जो गेड़ी मारने के लिए बाइक चुराता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं हैं। पुलिस ने रविवार को 15 वर्षीय आरोपी किशोर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
सेक्टर-17 थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी सेक्टर-22 की पार्किंग एरिया से पुरानी चाबी के जरिए दोपहिया वाहन चोरी करने का काम करता था। इन वाहनों को अपने शौक के लिए इस्तेमाल करने के बाद उन्हें इधर-उधर पार्किंग में छोड़कर वह फरार हो जाता था। आरोपी की गिरफ्त में आने से पुलिस ने सेक्टर-17 थाने में दर्ज दो बाइक चोरी के मामलों को सुलझा लिया है। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने पंचकूला निवासी आरोपी राहुल उर्फ सागर उर्फ काला चना को मौलीजागरां स्थित संत निरंकारी भवन चौक के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का ई-रिक्शा बरामद किया है। दोनों ही गिरफ्तारियां होने के बाद सेक्टर 17 थाना पुलिस ने चोरी के कुल तीन मामले को सुलझाने का दावा किया है।
अलग-अलग जगहों से कार और एक्टिवा चोरी
चंडीगढ़। शहर के अलग-अलग हिस्सों से एक स्टीम कार और एक्टिवा चोरी का मामला सामने आया है। सूचना पर संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में रामदरबार निवासी रोहित ने बताया कि बीते शुक्रवार को उनकी स्टीम कार (नंबर-सीएच01 बीडी3696) सेक्टर-38वेस्ट स्थित मेन गेट मोटर मार्केट के पास से चोरी हो गई। जांच के बाद अब मलोया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर सेक्टर-56 निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी एक्टिवा (नंबर-सीएच01 एएम3804) सेक्टर 34ए के एससीओ नंबर 121 स्थित पार्किंग के पास से चोरी हो गई है। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों का सुराग लग सके।