होशियारपुर/बठिंडा। पंजाब के कई जिलों में वीरवार को हुई हल्की से मध्यम बारिश से जहां ठंड में इजाफा दर्ज किया गया, वहीं यह वर्षा किसानों के लिए राहत लेकर आई है। होशियारपुर और आसपास के इलाकों में सुबह से शुरू हुई बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा, लेकिन इसे रबी फसलों के लिए बेहद लाभकारी माना जा रहा है। किसानों के अनुसार, लंबे समय से सूखे मौसम के चलते गेहूं की फसल प्रभावित हो रही थी और रोगों का खतरा भी बढ़ गया था, लेकिन अब बारिश से तापमान में गिरावट आएगी जो गेहूं के लिए अनुकूल है।
किसानों ने बताया कि इस बारिश से गेहूं के साथ-साथ गन्ना, सरसों, हरा चारा, आलू और सब्जियों की फसलों को भी फायदा होगा। बिजली कटौती के कारण सिंचाई के लिए महंगे डीजल पर निर्भरता बढ़ गई थी, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा था। बारिश से सिंचाई की जरूरत कम होगी और सर्दियों की मक्का की बुवाई के लिए भी पर्याप्त नमी मिल सकेगी। इसके अलावा मौसम ठंडा होने से फसलों में लगने वाली मौसमी बीमारियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश के चलते शहरों में राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिसलन और कम दृश्यता के कारण यातायात की रफ्तार भी धीमी रही।
-
नए साल की शुरुआत बदले मौसम के साथ
बठिंडा। नए साल की शुरुआत बदले मौसम के साथ हुई। 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार देर शाम शुरू हुई हल्की बारिश रुक-रुक कर जारी रही जिससे 2026 का आगाज वर्षा के साथ हुआ। गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे और सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर में दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना रहा, जिस कारण पूरे महीने में एक भी कोल्ड-डे दर्ज नहीं हो सका। विशेषज्ञों का मानना है कि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी क्षेत्रों में कम बर्फबारी इसकी वजह रही। आने वाले दिनों में कोहरा और धुंध बने रहने की संभावना है जबकि तापमान में हल्की गिरावट के आसार जताए गए हैं। कुल मिलाकर यह बारिश जहां लोगों के लिए ठंड बढ़ाने वाली है, वहीं किसानों के लिए इसे मौसम की सौगात माना जा रहा है।