आईएएस पोपली के बेटे की मौत से जुड़ी साइड स्टोरी (1)
-------------------------------------------------
कार्तिक की कनपटी को चीरते हुए दीवार में जा धंसी गोली
सबहेड
पिस्टल विदेशी, कुछ समय पहले अवैध कारतूस मिले थे पोपली के घर से
पुलिस ने कारतूस के साथ पिस्टल भी ले लिया होता कब्जे में तो नहीं होता हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। कार्तिक पोपली को जिस पिस्टल से गोली लगी है, उसका लाइसेंस पिता संजय पोपली के नाम पर है। पुलिस के अनुसार, विदेशी पिस्टल की गोली कार्तिक की कनपटी को चीरते हुए सीधे दीवार में जा धंसी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिस्टल में सिर्फ एक ही गोली थी। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने कार्तिक के शव को जीएमएसएच-16 के शवगृह में रखवा दिया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
बता दें कि पोपली की गिरफ्तारी के बाद उनके घर से मिले अवैध कारतूस मामले में यह पिस्टल जांच का हिस्सा थी। पुलिस अगर इसे कब्जे में ले लेती तो यह हादसा रुक सकता था। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जब कार्तिक को अस्पताल ले जाने लगी तो परिजन अड़ गए। कहा कि अब तो हमारा बेटा मर गया है, क्या करोगे ले जाकर। इसके बाद पुलिस ने कार्तिक की जान बचाने का हवाला देकर परिवार को समझाया और एंबुलेंस से कार्तिक को तुरंत सेक्टर-16 के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बॉक्स
पोपली से पूछताछ करेगी चंडीगढ़ पुलिस
पंजाब विजिलेंस के इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह की शिकायत पर चंडीगढ़ के सेक्टर-11 थाना पुलिस ने पोपली के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। इस मामले में पंजाब विजिलेंस जांच पूरी होने के बाद पोपली को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी। इसके बाद पोपली से पूछताछ करेगी कि वह हथियार कहां से लाया था।
-----------------------------------------
पुलिसकर्मियों से बोली मां- मेरा बेटा चला गया अब यहां क्यों खड़े हो
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। बेटे की मौत से बदहवास संजय पोपली की पत्नी ने सरकार और अधिकारियों को जमकर कोसा। कहा कि पूछताछ के नाम पर मेरे बेटे और परिवार को पुलिस ने खूब परेशान किया। वहीं, घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को देख कार्तिक पोपली की मां श्री का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस को कोसते हुए कहा कि मेरा सबकुछ बर्बाद हो गया, अब मेरे घर में क्यों खड़े हो। इस दौरान कुछ महिला पुलिसकर्मी उन्हें घर के अंदर ले जाने के लिए आगे आईं तो उन्होंने हाथ झटकते हुए कहा कि मुझे छूने की जरूरत नहीं है। आप लोगों ने मिलकर मेरे बेटे को मारा है।