चंडीगढ़। सेक्टर-20डी में एक पीजी संचालक ने विवाद के चलते एक युवती का सामान बाहर फेंककर उसे पीजी से बाहर निकाल दिया। मामला सोमवार रात का है। युवती ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती का सामान फिर से पीजी में रखवाकर दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया।
मूलरूप से जम्मू-कश्मीर की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने चंडीगढ़ से एयर होस्टेस का कोर्स किया है और अब प्लेसमेंट का इंतजार कर रही है। बीते काफी समय से वह सेक्टर-20डी के पीजी में रह रही है। कुछ सप्ताह पहले उसके कमरे में रहने वाली लड़की पीजी से चली गई लेकिन उसका सामान पीजी में ही बाथरूम के पास रखा है। सोमवार शाम एक नई लड़की पीजी में रहने आई। उसने इस बात पर आपत्ति जताते हुए कहा कि पीजी छोड़ने वाली लड़की के जूतों में से बदबू आ रही है। इस पर युवती ने कहा कि जहां उसका बाकी सामान रखा है, वहीं जूते भी रख दो। इस पर उस लड़की ने जूते भी बाहर बाथरूम के पास रख दिए। पीजी मालिक को जब इस बात का पता चला तो रात करीब साढ़े 10 बजे पीजी में पहुंचा। आरोप है कि रात के समय वह युवती के कमरे में घुसा और सारा सामान उठाकर बाहर फेंक दिया। साथ ही उससे दुर्व्यवहार भी किया और उसे भी बाहर निकाल दिया।
पीड़ित युवती ने बताया कि जब उसके माता-पिता को इस बारे में पता चला तो वे भी सुबह होते ही चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने बताया कि थाने में आरोपित ने महीने का दिया हुआ किराया वापस देने की बात कही, मगर वह इस जिद पर अड़ा था कि वह युवती को पीजी में नहीं रखेगा। वहीं दूसरी ओर युवती का कहना था कि पीजी मालिक ने उसके साथ बदसलूकी की है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।