पंचकूला। गांव कुंडी की मुख्य सड़क पर जमा सीवर के गंदे पानी और अवैध कार पार्किंग से परेशान ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। ग्रामीणों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने समस्या को लेकर नगर निगम, सेक्टर-20 पुलिस चौकी और उपायुक्त पंचकूला तक को शिकायतें दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर गांववासियों को सड़क पर उतरना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में घुसते ही लोगों का सड़क पर बह रहे सीवर के गंदे पानी से स्वागत होता है। यहां हर समय बदबू रहती है। वहीं, सोसाइटी में रह रहे किराएदारों द्वारा सड़क के बीचोबीच गाड़ियां पार्क कर दी जाती हैं जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आपातस्थिति में एंबुलेंस या अन्य वाहन यहां से नहीं निकल सकते, जो किसी बड़ी घटना का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन तेज करते हुए जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान नरेश कुंडी, निर्दोष, अमरजीत कुंडी, दिलीप, नरेंद्र, हर्ष, दीपक, सुमित, राज, संजू शर्मा व खान सहित काफी संख्या में ग्रामीण लोग मौजूद रहे।
क्या कहते हैं गांववासी
जहां कमरे किराए पर लिए हैं, वहीं गाड़ी खड़ी करें
सोसाइटी में रह रहे किराएदार गांव की मेन सड़क के बीच में गाड़ियां खड़ी कर देते हैैं। इससे गांव के लोगों को आने-जाने परेशानी होती है। जहां सोसाइटी में इन लोगों ने कमरे किराए पर लिए हुए हैं, वह अपनी गाड़ियां खड़ी करें। -राजरानी
लिखित शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस
गांव की मुख्य सड़क पर गाड़ियां खड़ी होने और सोसाइटी के सीवर का गंदा पानी सड़क पर फैलने से गांव में बदबू भरा माहौल रहता है। कई बार विभाग को लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस है। -संजू शर्मा, गांव कुंडी
शिकायत के बावजूद प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान
समस्याओं के लिए उपायुक्त, नगर निगम और पुलिस स्टेशन में शिकायत दी है। शिकायत देने का बाद भी आज तक किसी ने समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों में प्रशासन व सरकार के प्रति गहरा रोष है। -नवनीत धवन युवा समाजसेवी
ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ नाराजगी
गंदे पानी और अवैध रूप से सड़क पर खड़ी गाड़ियों की समस्या से तंग ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ नाराजगी है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन समस्या को अनदेखा कर रहा है।-अमतजीत सिंह
कोट...
मेरा ग्रामीणों से आग्रह है कि सोमवार को या समाधान शिविर में आकर मुझसे मिल लें। उनकी जो भी समस्या होगी, उसका समाधान करवा दिया जाएगा। -मोनिका गुप्ता, उपायुक्त