मोहाली। हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी, भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दियाला जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित धार्मिक आयोजनों की शृंखला के तहत असम स्थित गुरुद्वारा धोबड़ी साहिब से आरंभ हुआ शहीदी नगर कीर्तन बुधवार रात गुरुद्वारा श्री अंब साहिब पहुंचा। जहां संगत ने फूलों और जयकारों के साथ भावपूर्ण स्वागत किया। बड़ी संख्या में संगत ने दर्शन कर हाजिरी लगवाई। नगर कीर्तन ने अंब साहिब में रात्रि विश्राम किया और वीरवार सुबह गुरुद्वारा अंब साहिब से रवाना होकर फेज-7 मार्केट, गुरुद्वारा साचा धन्न, 3/5 लाइट पॉइंट, राधा स्वामी चौक होकर गुरुद्वारा माता सुंदरी जी सेक्टर-70, गुरुद्वारा सिंह शहीदा सोहाना, गुरुद्वारा अकाल आश्रम सोहाना, सेक्टर 91 और लांडरां मार्ग से होते हुए गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब की ओर प्रस्थान किया।
इस दौरान पूरा शहर खालसाई माहौल और श्रद्धा के रंग में रंगा दिखाई दिया। हजारों श्रद्धालु नगर कीर्तन में शामिल हुए। विभिन्न स्कूलों के छात्रों और कई बैंड पार्टियों ने भी हिस्सा लिया और बैंड-बाजे की मधुर धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नगर कीर्तन के स्वागत के लिए अलग-अलग स्थानों पर स्वागत द्वार लगाए गए थे और संगत के लिए लंगर भी लगाया गया।