चंडीगढ़। खुड्डा लाहौरा स्थित चंडीगढ़ पोलो क्लब में इंडियन पोलो एसोसिएशन की ओर से आयोजित महाराजा रंजीत सिंह ट्राॅफी के तीसरे दिन लीग मैच में अब तक का सबसे रोचक मुकाबला देखने को मिला। इसमें आर्टिलरी (तोपखाना) ने राजस्थान पोलो क्लब (आरपीसी) को 7-6.5 से हरा दिया। मैच के आधे ही मिनट में आर्टिलरी को मिली 15 गज की पेनल्टी का गनर उदय कुमार ने लाभ उठाया और टीम को शुरुआती बढ़त दिलवाई।
इसके बाद हवलदार इरफान खान के दूसरा गोल दागकर आर्टिलरी की बढ़त ओर पक्की की। पहले चक्कर राउंड के बाद 4-1.5 की स्कोर लाइन एकतरफा रही। दूसरे राउंड में एलन शान माइकल (2 गोल) और शुभम गुप्ता (2 गोल) के बेहतरीन तालमेल के चलते आरपीसी के लिए चार गोल दाग कर मैच में वापसी की और दूसरे राउंड के बाद स्कोर लाइन 5-4.5 के साथ और रोमांचक बना दी। तीसरे और अंतिम राउंड के दूसरे मिनट में शुभम ने गोल कर 5.5-5 के स्कोर लाइन अपने हक में कर लिया था कि इसी बीच लेफ्टिनेंट कर्नल नरेंद्र कुमार ने अन्य घुड़सवारों को छकाते हुए बेहतरीन गोल दाग कर फिर से टीम को बढ़त दिलवाई। जल्द की शान माइकल के बेहतरीन बैकहेंड गोल से आरपीसी एक बार फिर मैच पर काबिज हुआ। मैच के अंतिम क्षणों में नरेंद्र कुमार ने 15 गज की पेनल्टी मिस की जिसकी भरपाई उन्होंने अगले कुछ सेकंड में गोल दाग पूरी की जिससे टीम आर्टिलरी ने 7-6.5 ने मैच अपने नाम किया। नरेंद्र कुमार ने विजेता टीम के लिए चार गोल किए।
आर्मी सर्विस कोर ने रिमाउंट एंड वेटरनरी कोर्प को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में आर्मी सर्विस कोर ने रिमाउंट एंड वेटरनरी कोर्प (आरवीसी) को 10-3.5 से हराया। पहले राउंड में 4-1.1 की स्कोर लाइन में नायक रविन्द्र मंग और सिपाही मुकेश गुर्जर ने दो-दो गोल दागे। दूसरे राउंड में गुर्जर ने तीन गोल कर स्कोर लाइन 8-2.5 के साथ मुकाबला लगभग एकतरफा कर दिया। इसके बाद यह मैच 10-3.5 के साथ समाप्त हुआ। आरवीसी की ओर से लांस दफेदार सत्यप्रकाश ने तीन गोल किए। इससे पूर्व यंग राइर्ड्स कप में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला जिसमें टीम मोहाली ने चारमीनार को 5-4 से हराया। विजेता टीम के उदय कुमार ने सर्वाधिक 3 जबकि चारमीनार के लिए मोहम्मद फैजल ने दो 2 किए। दोनों वर्गों के लीग मुकाबले वीरवार को भी जारी रहेंगे।