मानसा और लुधियाना के रहने वाले हैं दोनों, ड्यूटी से लौट रहीं युवती को बनाया था शिकार
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। ड्यूटी के बाद घर लौट रही युवती का मोबाइल छीनकर दो मोटरसाइकिल सवार फरार हो गए। युवती ने जब शोर मचाया तो लोगों ने झपटमारों का पीछा किया और कुछ दूर जाकर दोनों को पकड़ लिया। दोनों की भीड़ ने जमकर धुनाई की। दोनों आरोपियों से छीना हुआ मोबाइल बरामद कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। दोनों झपटमारों की पहचान तरनवीर सिंह निवासी गांव साधूवाला जिला मानसा व मनीष नागपाल निवासी माछीवाड़ा जिला लुधियाना के रूप में हुई है। दोनों ने बड़माजरा में किराए पर कमरा लिया हुआ था। बलौंगी के गुरदेव कांप्लेक्स में पीजी में रहने वाली तानुजा के बयान पर बलौंगी थाने में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379बी व 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
तनुजा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह एक निजी संस्थान में नौकरी करती है। वीरवार को रात वह करीब 8 बजे बस स्टैंड बलौंगी से पैदल अपने पीजी जा रही थी। जब वह पीजी से कुछ दूर पर थी तो मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने झपटकर उसका मोबाइल छीन लिया। दोनों मौके से बाइक पर फरार हो गए। उसने शोर मचाया तो लोग इकट्ठे हो गए और उन्होंने झपटमारों की बाइक का पीछा कर कुछ दूरी पर पकड़ लिया। पहले तो भीड़ ने दोनों की जमकर पिटाई की और बाद में दोनों को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों से झपटा हुआ मोबाइल भी बरामद कर लिया। दोनों के खिलाफ स्नैचिंग की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।