आग बुझाने पहुंची दमकल गाड़ी पार्किंग में फंसी
- फोटो : Amar ujala
शहर की सभी पेड पार्किंग की विजिलेंस जांच होने के बावजूद अभी जमकर वायलेशन हो रही है। इसका नतीजा यह हुआ कि सोमवार दोपहर को सीएमसी पार्किंग के साथ मामा ढाबे के पास एक बिजली के जंक्शन में आग लगी और घटनास्थल तक दमकल विभाग की गाड़ियां नहीं पहुंच सकीं। जबकि सेक्टर-17 में पेड पार्किंगों की वायलेशन चेक करने के लिए तीन इंस्पेक्टरों की डयूटी लगाई गई है।
सोमवार दोपहर को 12:22 बजे दमकल विभाग को सूचना मिली कि सेक्टर-17 में बिजली के जंक्शन में आग लगी है। दमकल विभाग की गाड़ी जब सेक्टर-17 की सीएमसी पार्किंग में दाखिल हुई, तो वाहन इधर-उधर पार्क थे। गाड़ी निकलने वाली जगह पर भी वाहन पार्क थे, जिस कारण दमकल विभाग की गाड़ी फंस गई।
पेड पार्किंग के कारिंदों से हुई बहस
कर्मचारी गाड़ी छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल विभाग के कर्मचारियों की पेड पार्किंग के कारिंदों से जमकर बहस भी हुई। दमकल गाड़ी पर तैनात चालक सुनील परमार का कहना है कि पार्किंग में वाहन इस तरह पार्क थे कि दमकल विभाग की गाड़ी नहीं जा पाई। उनका कहना है कि गाड़ी फंसने के बावजूद पार्किंग के प्रवेश द्वार पर कारिंदे वाहनों की पर्ची काटने में व्यस्त रहे।