मोहाली। बढ़ती जीवनशैली से संबंधित बीमारियों पर चिंता जताकर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि अगर लोग अपना खानपान और दिनचर्या नहीं सुधारेंगे तो स्वस्थ भारत का सपना कभी पूरा नहीं होगा। वह सेक्टर-69 स्थित जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल में आयोजित ईट राइट वॉकाथॉन और मेला को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और नागरिक शामिल हुए। राज्यपाल ने कहा कि आज मोटापा, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।
इसकी जड़ असंतुलित आहार और निष्क्रिय जीवनशैली है। ईट राइट केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है। अगर युवा पीढ़ी सही खानपान अपनाएगी तो देश का भविष्य भी मजबूत होगा।उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने भोजन में रागी, ज्वार और बाजरे जैसे मोटे अनाज शामिल करें। ये अनाज न सिर्फ पोषण से भरपूर हैं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प हैं। वॉकाथॉन के बाद लगे मेले में संतुलित आहार और सुरक्षित खाद्य विकल्पों पर प्रदर्शनियां लगाई गईं। बच्चों और युवाओं ने स्वास्थ्य पर आधारित गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस मौके पर उपायुक्त कोमल मित्तल, एसडीएम दमनदीप कौर और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की निदेशक रवनीत सिद्धू भी मौजूद रहीं।