- स्वच्छता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शहरों को किया जाएगा सम्मानित
- सीएम ने स्वच्छता को लेकर शहरी स्थानीय निकाय व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश के शहरों को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए राज्य सरकार नई शुरुआत करने जा रही है। केंद्र के स्वच्छ सर्वेक्षण की तर्ज पर अब राज्य सरकार भी सभी शहरों की स्वच्छता रैंकिंग तैयार करना शुरू करेगी। इस स्वच्छता रैंकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छता को लेकर शहरी स्थानीय निकाय व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कई दिशा-निर्देश दिए हैं। सीएम सैनी ने अधिकारियों से टीम हरियाणा के रूप में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को और अधिक स्वच्छ, सुंदर व हरा-भरा बनाने और स्वच्छता के लिए प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से जल्द ही स्वच्छता रैंकिंग तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
सीएम सैनी शनिवार को पंचकूला में नवनिर्मित स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान का उद्घाटन करने बाद स्वच्छता को लेकर सभी जिलों के अतिरिक्त उपायुक्त, नगर निगम आयुक्त, जिला नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) व प्रधान चिकित्सा अधिकारियों (पीएमओ) सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सभी जिलों के उपायुक्तों ने वीसी के माध्यम से भाग लिया। इस दौरान शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव भी उपस्थित रहे।
17 सिंतबर से 2 अक्तूबर तक मनाया जाएगा स्वच्छता पखवाड़ा
सीएम सैनी ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक प्रदेशभर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसमें स्वच्छता के प्रति जागरूकता के अनेक कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही शहरी स्थानीय निकाय के भवनों, सड़कों, अस्पतालों और अन्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की जाएगी। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की स्वच्छता से संबंधित छोटी से छोटी शिकायत का तुरंत समाधान किया जाए ताकि लोगों का विश्वास सरकार में और अधिक बढ़े। इसमें रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व अन्य सामाजिक संगठनों को भी शामिल किया जाए। सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के तहत चौराहों का सौंदर्यीकरण व रख रखाव करें।