सफेदे के पेड़ की टहनियों में चीनी डोर में फंसा कौआ फड़फड़ा रहा था, फायर कर्मचारी बने फरिश्ते, बचाई जान
-आधे घंटे के बचाव अभियान के बाद कौवे को डोर से अलग कर पानी पिलाने के बाद कर दिया आजाद
फोटो सहित
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। डड्डूमाजरा स्थित सरकारी स्कूल के पास करीब 70 फुट ऊंचे सफेदा के पेड़ की टहनियों पर चीनी डोर से फंसे एक कौवे की फायर कर्मचारियों ने फरिश्ता बनकर जान बचा ली। करीब आधे घंटे के बचाव अभियान के बाद उसे डोर से अलग कर पानी पिलाने के बाद आजाद कर दिया गया। घटना शनिवार सुबह करीब नौ बजे की है।
स्थानीय निवासी जसपाल ने दमकल विभाग को सूचना दी कि सरकारी स्कूल के पास सफेदा के पेड़ में एक कौआ काफी देर से फड़फड़ा रहा है। सूचना पर दमकल विभाग की टीम पहुंची। पेड़ की करीब 70 फुट ऊंचाई होने के चलते हाइड्रोलिक गाड़ी बुलवाई गई। करीब आधे घंटे के बचाव अभियान के बाद फायरमैन केवल कृष्ण, मुश्ताक अली और फायरमैन नवीन कुमार ने हाइड्रोलिक की मदद से टहनियों पर डोर से फंसे कौआ को अलग किया। इसके बाद दमकल की टीम ने कौआ को पानी पिलाकर आजाद कर दिया।